Samachar Nama
×

कर्नाटक: बेलगावी में प्रेमिका की हत्या, रिश्ते का खुलासा कर कई बार तुड़वाई थी आरोपी की सगाई

कर्नाटक: बेलगावी में प्रेमिका की हत्या, रिश्ते का खुलासा कर कई बार तुड़वाई थी आरोपी की सगाई
कर्नाटक: बेलगावी में प्रेमिका की हत्या, रिश्ते का खुलासा कर कई बार तुड़वाई थी आरोपी की सगाई

बेलगावी, 28 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। प्रेमिका ने उनके लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते का खुलासा करके उसकी कई बार सगाई तुड़वा दी थी और उससे शादी करने की मांग कर रही थी। चिक्कोडी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान बागलकोट जिले के नरेनुरू गांव निवासी संजय चौहान (28) के रूप में हुई। यह घटना बेलगावी के चिक्कोडी तालुक में चन्यालादोड्डी गांव के बाहरी इलाके में हुई। संजय की प्रेमिका इरावथी कोथा ( 38) उसी तालुक के नानादी गांव की रहने वाली थी।

पुलिस के मुताबिक, संजय चौहान यादगुडु गांव के एक ढाबे पर काम करता था, जहां उसकी मुलाकात इरावथी से हुई। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती एक रिश्ते में बदल गई और बताया जाता है कि वे पिछले नौ साल से साथ थे।

हालांकि, बाद में संजय चौहान ने किसी और महिला से शादी करने का फैसला किया। उसकी सगाई होने के बाद इरावथी ने बीच में आकर उनके नौ साल पुराने रिश्ते के बारे में बता दिया, जिसके चलते सगाई टूट गई। बताया जा रहा है कि शादी करने की कोशिशों के दौरान यह उसकी तीसरी सगाई थी, जो टूट गई।

इरावथी इस बात पर अड़ी थी कि संजय चौहान उससे शादी करे, जबकि वह ऐसा नहीं चाहता था। जब मामला नहीं सुलझा तो उसने इरावथी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

14 नवंबर को तोरणहल्ली के पास एक मंदिर जाने के बाद इरावथी लापता हो गई। उसके परिवार वालों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले, जिससे उन्हें संजय चौहान तक पहुंचने में मदद मिली।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने पत्थर और बीयर की बोतल से हमला करके इरावथी की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने शव को चन्यालादोड्डी के पास एक जंगल में फेंक दिया और वहां से भाग गया।

पुलिस को शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीमों ने घटनास्थल का दौरा किया है और जांच के हिस्से के रूप में सबूत इकट्ठा कर रही हैं। चिक्कोडी पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Share this story

Tags