Samachar Nama
×

नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सीएम सिद्धारमैया ने कहा-'दिल्ली दौरे पर कल स्थिति स्पष्ट करूंगा'

बेंगलुरु, 27 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर चल रही जोरदार अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि वह अपनी दिल्ली यात्रा और कांग्रेस आलाकमान के साथ हुई मुलाकातों के बारे में गुरुवार को विस्तार से बात करेंगे।
नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सीएम सिद्धारमैया ने कहा-'दिल्ली दौरे पर कल स्थिति स्पष्ट करूंगा'

बेंगलुरु, 27 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर चल रही जोरदार अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि वह अपनी दिल्ली यात्रा और कांग्रेस आलाकमान के साथ हुई मुलाकातों के बारे में गुरुवार को विस्तार से बात करेंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने बने रहने को लेकर चल रही अटकलों से जुड़े सवालों का सीधा जवाब देने से परहेज किया।

दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ हुई चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर सिद्धारमैया ने कहा कि मैं बाद में बात करूंगा। जब पत्रकारों ने पूछा कि वह इस मुद्दे पर कब स्पष्टीकरण देंगे तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि मैं कल हर मुद्दे पर बात करूंगा। इस कार्यक्रम में सिद्धारमैया ने नेहरू को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

सिद्धारमैया ने कहा कि भारत की आजादी के बाद जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने और उन्होंने 17 वर्षों तक देश की सेवा की। आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू ने अहम भूमिका निभाई और राष्ट्र के विकास में उनका योगदान अतुलनीय था।

इस बीच, कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री केएच मुनियप्पा ने कहा कि गुरुवार को मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक के बाद नेतृत्व के मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

मुनियप्पा ने कहा कि सिद्धारमैया एक जननेता हैं और हर किसी को यह स्वीकार करना होगा। उन्होंने कल नाश्ते पर एक बैठक बुलाई है और नेतृत्व के मुद्दे को लेकर जो भी भ्रम है, वह सब दूर हो जाएगा।

जब उनसे पूछा गया कि क्या नेतृत्व में बदलाव की स्थिति में वह किसी दलित को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाएंगे, तो मुनियप्पा ने कहा कि मैं पार्टी का एक अनुशासित सिपाही हूं और आलाकमान के फैसले का पालन करूंगा।

मुनियप्पा कर्नाटक में दलित समुदाय से आने वाले कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक माने जाते हैं। मगदी से कांग्रेस विधायक एचसी बालकृष्ण ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की अपनी मांग को दोहराया।

बालकृष्ण ने कहा कि मैंने शिवकुमार के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग की है और मैं अपने इस बयान पर कायम हूं। सिद्धारमैया और एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आशीर्वाद के बिना कोई भी मुख्यमंत्री नहीं बन सकता। मैं हमेशा शिवकुमार के समर्थन में अपनी आवाज उठाता रहूंंगा।

वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता और विधान परिषद में नेता विपक्ष चलवाडी नारायणस्वामी ने भी इन घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि आखिरकार हाथी ने बच्चा दे ही दिया। तमाम मांगों और दबाव के बाद शिवकुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। राज्य के लिए कुछ भी अच्छा नहीं होने वाला है। सिद्धारमैया पद छोड़ देंगे और शिवकुमार उस पर काबिज हो जाएंगे। इसके अलावा, कुछ भी नहीं बदलेगा। 2028 में कर्नाटक में भाजपा सत्ता में आएगी।

इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आलाकमान ने यह मान लिया है कि कर्नाटक सरकार पिछले तीन सालों में लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि दिल्ली में लंबी बैठकों के बाद आलाकमान ने सिद्धारमैया का इस्तीफा मांगने का फैसला किया है। पूरे देश में कांग्रेस पार्टी का अंत करीब है और कर्नाटक भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि सिद्धारमैया गुरुवार को या उसके अगले दिन अपना इस्तीफा दे सकते हैं। अगले मुख्यमंत्री कौन होंगे, यह बात ज्यादा मायने नहीं रखती।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सिद्धारमैया को एक अनुभवी नेता माना जाता है, इसके बावजूद उन्होंने लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेकर राज्य को कर्ज में डुबो दिया है।

बढ़ती अटकलों और विरोधाभासी राजनीतिक बयानों के बावजूद कांग्रेस हाईकमान ने अभी तक कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story

Tags