Samachar Nama
×

कर्नाटक: बाइक को मालवाहक ऑटो ने मारी टक्कर, पति-पत्नी और शिशु की मौत

बेलगावी (कर्नाटक), 26 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेलगावी जिले के रायबाग कस्बे के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें छह महीने का एक बच्चा भी शामिल है। हादसा उस समय हुआ जब कथित तौर पर गलत साइड से आ रहे एक मालवाहक ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान महांतेश माने (27), उनकी पत्नी साक्षी माने (23) और उनके छह महीने के बेटे समर्थ के रूप में हुई है। सभी रायबाग तालुक के बोम्मनाल गांव के रहने वाले थे।

परिवार का एक अन्य बच्चा भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, परिवार बाइक से बोम्मनाल गांव से रायबाग कस्बे जा रहा था, तभी रायबाग के बाहरी इलाके में हादसा हुआ। सामने से तेज रफ्तार में और गलत साइड से आ रहे एक मालवाहक ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी और बच्चा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों व अधिक खून बहने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर रायबाग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ऑटो चालक की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि पिछले शनिवार को कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के लडलापुर के पास एक क्रूजर वाहन और लॉरी की टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी।

कलबुर्गी के पुलिस अधीक्षक ए. श्रीनिवासुलु ने घटनास्थल का दौरा कर जांच की थी।

इसी तरह पिछले महीने यदगीर में एक कार और बस की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो बच्चे घायल हुए थे। यह सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags