कर्नाटक: 'राजनीतिक हत्याओं पर लगेगा विराम', कांग्रेस विधायक की हत्या मामले में भाजपा का बयान
बेंगलुरु, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक में भाजपा नेता योगेश गौड़ा हत्या मामले में कांग्रेस नेता और मौजूदा विधायक विनय कुलकर्णी से जुड़े केस में अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए विपक्ष के नेता आर. अशोका ने कहा कि यह फैसला राजनीतिक रूप से प्रेरित हत्याओं पर रोक लगाने में मील का पत्थर साबित होगा।
आर. अशोका ने कहा, “यह इस बात का अच्छा उदाहरण है कि जब राजनीतिक संरक्षण में अपराध किए जाते हैं तो उनका क्या अंजाम होता है। अगर इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को नहीं सौंपी जाती, तो यह केस पुलिस द्वारा दबा दिया जाता।”
उन्होंने कहा कि अब सभी तथ्य सामने आ चुके हैं और दोषियों की पहचान हो चुकी है। अदालत ने माना है कि विनय कुलकर्णी इस हत्या के पीछे थे। यह फैसला राजनीतिक हत्याओं पर रोक लगाएगा और स्वागत योग्य है।
अशोका ने बताया कि इस मामले में दो गवाहों ने अहम गवाही दी। उल्लेखनीय है कि विधायकों/सांसदों के मामलों की विशेष अदालत ने सजा की अवधि (क्वांटम ऑफ पनिशमेंट) पर अंतिम दलीलें पूरी कर ली थीं और फैसला शुक्रवार के लिए सुरक्षित रखा था।
भाषा के मुद्दे पर अशोका ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों के हिंदी पढ़ना शुरू करने से पहले ही सरकार को स्पष्ट नीति बनानी चाहिए थी। उन्होंने कहा, “परीक्षाओं के दौरान ‘तुगलकी’ स्थिति पैदा करने की कोई जरूरत नहीं थी। मैं खुद कन्नड़ कार्यकर्ता रहा हूं और गोकाक आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज में घायल भी हुआ हूं।”
उन्होंने कहा कि होसुर और कासरगोड जैसे इलाकों में कन्नड़ व्यापक रूप से बोली जाती है, लेकिन वहां इसे पर्याप्त महत्व नहीं मिला तो समस्या खड़ी हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उर्दू स्कूलों में पहले उर्दू, फिर अंग्रेजी और अंत में कन्नड़ पढ़ाई जाती है, जिससे तीन-भाषा फार्मूले की जरूरत और बढ़ जाती है।
अशोका ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति है। उन्होंने कहा, “सब लोग दिल्ली जा रहे हैं, जिससे सरकार निष्क्रिय हो गई है। हर मंत्री का बेटा अपने पिता को मुख्यमंत्री बता रहा है, जैसे हर घर में एक-एक कैबिनेट बन गई हो।”
उन्होंने दावा किया कि दावणगेरे में मुस्लिम नेता भी कांग्रेस से नाराज हैं और मंत्री जमीर अहमद खान को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “पूरी पार्टी और सरकार भ्रम की स्थिति में है। अगर आज चुनाव होते हैं, तो बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनेगी।”
--आईएएनएस
डीएससी

