नागेंद्र के इस्तीफे की मांग को लेकर कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा ने किया विरोध प्रदर्शन
बेंगलुरु, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा युवा मोर्चा ने बुधवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि कर्नाटक सरकार और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, 'महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम' में हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर मंत्री बी. नागेंद्र का इस्तीफा लें।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए कि कांग्रेस आलाकमान और राहुल गांधी आदिवासी कल्याण घोटाले में हिस्सेदार हैं।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा बेंगलुरु सेंट्रल जिले के अध्यक्ष जगदीश आर. चंद्रा ने कहा कि नागेंद्र को इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि कथित घोटाले से जुड़ा मामला अभी भी जांच के दायरे में है।
उन्होंने कहा, "इस मामले की जांच अभी चल रही है। नागेंद्र ने पहले विवाद के चलते इस्तीफा दे दिया था और उन्हें मंत्री के तौर पर काम करने का एक और मौका देना सही नहीं है।"
आर. चंद्रा ने चेतावनी दी कि अगर नागेंद्र ने पद नहीं छोड़ा, तो भाजपा युवा मोर्चा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष धीरज मुनिराजू के नेतृत्व में अपना आंदोलन तेज कर देगा।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर किसानों, छात्रों और महिलाओं के हितों की रक्षा करने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया। कैबिनेट विस्तार की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसी भी महिला को मंत्री नहीं बनाया है।
उन्होंने सवाल किया, "क्या सरकार सिर्फ महिलाओं के वोट चाहती है? यह किस तरह का न्याय है?" चंद्र ने धारवाड़ में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर सरकार के रवैये की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राज्य के मुद्दों को हल करने के बजाय दिल्ली की यात्राओं पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने पूछा, "अगर धारवाड़ में छात्र विरोध-प्रदर्शन करते हैं, तो उनसे मिलने कोई नहीं जाता। मुख्यमंत्री दिल्ली भाग जाते हैं। यह कैसा न्याय है?" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने हाईकमान के निर्देशों के अनुसार काम कर रही थी।
उन्होंने नए मंत्रियों को विभाग सौंपने में हुई देरी की भी आलोचना की और कहा कि इस देरी से प्रशासन के कामकाज पर असर पड़ रहा है और लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया, "विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। यह सरकार बेहद कमजोर है।" इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के बेंगलुरु उत्तर जिला अध्यक्ष यतिन वेंकटेश, पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।
बेंगलुरु में विरोध-प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री बी. नागेंद्र ने कहा कि भाजपा विपक्ष में होने के कारण यह मुद्दा उठा रही है और उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को "बेतुका" बताया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ आरोप अदालत के सामने है और मामले की सुनवाई चल रही है।
उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे की मांग राजनीतिक कारणों से की गई थी और यह राज्य में कांग्रेस सरकार की तरक्की को बर्दाश्त न कर पाने की भाजपा की अक्षमता का नतीजा थी।
उन्होंने कहा, "भाजपा जहां भी कमजोर होती है, वहां वह कांग्रेस नेताओं के लिए मुश्किलें खड़ी करने की कोशिश करती है। यह बात पूरे देश में देखी जा सकती है। अगर मैं भाजपा में शामिल हो जाऊं, तो मेरे ऊपर लगे सभी आरोप खत्म हो जाएंगे।"
नागेंद्र ने दावा किया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि कांग्रेस ने बेल्लारी जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा, "बरामद किए गए 84 करोड़ रुपये में से एक भी रुपया मुझसे बरामद नहीं हुआ है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई कैबिनेट विस्तार के दौरान नोटिस जारी करके और बयान जारी कर इस मुद्दे को उछाल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया, "उन्होंने मुझ पर साजिश रचने के आरोप लगाए हैं और वे मुझे इस मामले में फंसाकर 10 से 20 साल तक उलझाए रखना चाहते हैं।"
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम

