कर्नाटक भाजपा ने 'एसआईआर महा संपर्क अभियान' का पोस्टर किया जारी, 25-26 जुलाई को राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान
बेंगलुरु, 22 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा ने बुधवार को 'एसआईआर महा संपर्क अभियान' का लोगो और पोस्टर जारी किया। पार्टी ने घोषणा की कि 25 और 26 जुलाई को पूरे राज्य में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की सहायता के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बेंगलुरु स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय जगन्नाथ भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसआईआर अभियान के संयोजक और भाजपा सेल्स के प्रदेश समन्वयक एस. दत्तात्रि ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता गणना (एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के बारे में जागरूकता फैलाएंगे, मतदाताओं की शंकाओं का समाधान करेंगे और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए)-2 प्रतिनिधियों के माध्यम से फॉर्म भरने एवं जमा कराने में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि 'एसआईआर महा संपर्क अभियान' के तहत प्रत्येक प्रमुख पार्टी कार्यकर्ता को 20 घरों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है।
दत्तात्रि ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे कर्नाटक में घर-घर जाकर यह जानकारी लेंगे कि मतदाता गणना फॉर्म भरे गए हैं या नहीं। साथ ही वे बीएलए-2 प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
उन्होंने कहा, "हमने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन 10 घरों का दौरा करें और प्रत्येक क्षेत्र में करीब 50 मिनट तक लोगों से बातचीत करें। वे मतदाताओं को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद की प्रक्रिया और चुनाव आयोग द्वारा मांगे जा सकने वाले दस्तावेजों की जानकारी भी देंगे।"
दत्तात्रि ने बताया कि आवश्यक मैपिंग का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और कार्यकर्ताओं से उपलब्ध जानकारी बीएलए-2 प्रतिनिधियों के साथ साझा करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले छह महीने से अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया का प्रशिक्षण दे रही है। इसके अलावा राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए एक-एक प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो एसआईआर से जुड़े कार्यों की निगरानी करेगा।
दत्तात्रि ने कहा कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य मतदाताओं के बीच व्याप्त भ्रम को दूर करना है। उनके अनुसार, कई मतदाता अभी भी गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर असमंजस और चिंता में हैं।
उन्होंने कहा, "प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बावजूद मतदाताओं में अभी भी भ्रम बना हुआ है। उन्हें सही जानकारी देना हमारी जिम्मेदारी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र के मार्गदर्शन में अधिक से अधिक घरों तक पहुंचने के लिए विशेष योजना बनाई गई है।"
उन्होंने बताया कि इस अभियान में विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य और विधान परिषद के पूर्व सदस्य भी भाग लेंगे।
दत्तात्रि के अनुसार, भाजपा ने राज्य की 224 विधानसभा सीटों में लगभग 56,000 बीएलए-2 प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है और उनकी जानकारी चुनाव आयोग को सौंप दी गई है। यह जानकारी आयोग के पोर्टल पर भी अपलोड की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि कर्नाटक में कुल 59,050 मतदान केंद्र हैं और बीएलए-2 प्रतिनिधियों की अधिकतम संख्या मतदान केंद्रों की संख्या के बराबर ही हो सकती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश महासचिव पी. राजीव, एसआईआर अभियान की सह-संयोजक श्यामला एच.एस. और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यालय सचिव रजनी पाई भी मौजूद रहीं।
--आईएएनएस
डीएससी

