कारगिल विजय दिवस पर सेनाध्यक्ष का संदेश, अर्धसैनिक बलों ने बहादुर सैनिकों को नमन किया
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। रविवार को देशभर में कारगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है। भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर चोटियों पर फिर से कब्जा किया था। ऑपरेशन विजय के अवसर पर सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने भी संदेश दिया है। वहीं, अर्धसैनिक बलों ने बहादुर सैनिकों को नमन किया है।
भारतीय सेना की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ का संदेश साझा किया गया। सेनाध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा, "कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का अमर प्रतीक है। इस अवसर पर मैं कारगिल के सभी वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनके पराक्रम और अटूट संकल्प ने राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करते हुए विजय का स्वर्णिम इतिहास रचा। उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय सेना के प्रत्येक योद्धा के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। भारतीय सेना राष्ट्र की रक्षा तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सदैव समर्पित और प्रतिबद्ध है।"
भारतीय नौसेना की ओर से 'एक्स' पोस्ट में लिखा गया, "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।" नौसेना ने आगे लिखा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और असाधारण सैन्य कौशल का प्रतीक है। 27वें कारगिल विजय दिवस पर हम उन वीर योद्धाओं को नमन करते हैं, जिन्होंने दुर्गम परिस्थितियों में अद्वितीय शौर्य का परिचय देते हुए विजय का इतिहास रचा और तिरंगे की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। उन सभी अमर वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर हमारे भविष्य को सुरक्षित किया।
भारतीय सेना के स्पीयर कॉर्प्स ने 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी, "कारगिल युद्ध के वीर नायकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए स्पीयर कॉर्प्स के अंतर्गत असम राइफल और भारतीय सेना की ओर से असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में 27वां कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाया गया। ऑपरेशन विजय के वीर सपूतों को भावभरी श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं को राष्ट्र सेवा, देशभक्ति एवं एकता के प्रति प्रेरित किया।"
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सीआईएसएफ ने 'एक्स' पोस्ट कर लिखा, "कारगिल के हीरोज का सम्मान: बेमिसाल हिम्मत और सबसे बड़े बलिदान को श्रद्धांजलि। कारगिल विजय दिवस पर, सीआईएसएफ भारतीय सेना के उन बहादुर सैनिकों को दिल से श्रद्धांजलि देता है, जिनकी जबरदस्त हिम्मत, पक्के इरादे और सबसे बड़े बलिदान ने 1999 के कारगिल युद्ध में भारत को जीत दिलाई।
सीआईएसएफ ने आगे लिखा, "उनकी बहादुरी की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी, और हमें याद दिलाती रहेगी कि देशभक्ति, बिना स्वार्थ के सेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना हमेशा रहती है। जब हम अपने हीरोज को याद करते हैं, तो हम उन मूल्यों को बनाए रखने और उसी लगन, सम्मान और गर्व के साथ देश की सेवा करने का अपना वादा दोहराते हैं। जय हिंद!"
सीआरपीएफ ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "हमारे आर्म्ड फोर्सेज के बहादुर हीरो को श्रद्धांजलि देने में देश के साथ है। आइए 'ऑपरेशन विजय' के दौरान हमारे सैनिकों द्वारा दिखाई गई बेमिसाल हिम्मत को याद करें और उनकी असाधारण जीत को याद करें।"
एसएसबी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "कारगिल विजय दिवस पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) उन अमर वीरों को विनम्र नमन करता है, जिन्होंने कारगिल की दुर्गम पर्वत चोटियों पर अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम, अटूट संकल्प एवं सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए राष्ट्र की अखंडता, संप्रभुता तथा तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा की। उनकी गौरवगाथा प्रत्येक भारतीय के लिए "राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य सर्वोपरि" के आदर्श की शाश्वत प्रेरणा है। राष्ट्र आपके त्याग एवं बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। जय हिन्द!"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

