Samachar Nama
×

सलमान खान के व्यक्तित्व और ऑरा का हमेशा से प्रशंसक रहा हूं : अभिनेता कंवर ढिल्लों

सलमान खान के व्यक्तित्व और ऑरा का हमेशा से प्रशंसक रहा हूं : अभिनेता कंवर ढिल्लों
सलमान खान के व्यक्तित्व और ऑरा का हमेशा से प्रशंसक रहा हूं : अभिनेता कंवर ढिल्लों

मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता कंवर ढिल्लों ने उन लोगों के बारे में बात की है, जिन्होंने उनके जीवन में उन्हें प्रेरित किया है। उन्‍होंने अभिनेता सलमान खान को सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत बताया और अपनी सफलता के पीछे पिता की अहम भूमिका बताई।

उन्होंने आईएएनएस को बताया कि सुपरस्टार सलमान खान बचपन से ही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रहे हैं, जबकि आज वे जो इंसान हैं, उसे बनाने में उनके पिता की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि किसी का रोल मॉडल होना जरूरी है, लेकिन अगर आपको कोई ऐसा व्यक्ति मिल जाए, जो आपको प्रेरित करे और आगे बढ़ने का हौसला दे, तो फिर क्यों नहीं? मैं बचपन में सलमान खान का बहुत बड़ा फैन था। चाहे परीक्षा हो, खेलने का समय हो या कुछ और, अगर आईफा या फिल्मफेयर अवार्ड्स जैसा कोई शो चल रहा होता, तो भले ही मैं पूरा शो न देखूं, लेकिन जब सलमान खान की परफॉर्मेंस आती थी, तो मुझे टीवी के सामने मौजूद रहना ही होता था। उनके व्यक्तित्व और उनके ऑरा को मैं हमेशा से बहुत पसंद करता था।"

कंवर के लिए सलमान खान का आकर्षण सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं था। वे अभिनेता के व्यक्तित्व और उनके रहन-सहन के अंदाज को बहुत पसंद करते थे।

उन्होंने बताया, "वे ऐसे इंसान हैं, जिन्होंने मेरे बचपन और करियर के शुरुआती वर्षों में मुझे प्रेरित किया। मैं आज भी उन्हें अपना आदर्श मानता हूं। वे एक बेहतरीन इंसान और एक हैंडसम अभिनेता हैं। बचपन में जब भी मेरी उनसे मुलाकात हुई, तो उसकी बहुत अच्छी यादें मेरे साथ रह गईं। 60 साल की उम्र में भी देखिए, वे कितने हैंडसम लगते हैं। वे हमेशा से ही मेरे लिए प्रेरणा रहे हैं।"

अभिनेता ने आगे कहा, "मेरे पिता मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा और रोल मॉडल रहे हैं। मैंने खुद उनके सफर, उनके संघर्षों, उनकी कड़ी मेहनत और उनकी सफलता को देखा है। जो बात मुझे हमेशा याद रही, वह यह है कि इतनी सफलता पाने के बाद भी वे कितने जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं। उन्होंने हमेशा खुद को जमीन से जोड़े रखा, और यही बात मैंने अपने जीवन में भी उतारने की कोशिश की है। आज मैं जो कुछ भी हूं, उसका एक बड़ा हिस्सा उन्हीं की वजह से है, क्योंकि मेरा मानना ​​है कि हर चीज की शुरुआत घर से ही होती है।"

कंवर ढिल्लों इन दिनों टीवी शो 'उड़ने की आशा' में सचिन के किरदार में नजर आ रहे हैं।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story