कबीर बेदी ने बहन गुलहिमा के जन्मदिन पर शेयर की बचपन की तस्वीर, बोले-'तब भी प्यार करता था, आज भी करता हूं'
मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता कबीर बेदी इंस्टाग्राम पर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े खास पल शेयर करते रहते हैं। वह समय-समय पर अपने पुराने दिनों और लंबे फिल्मी करियर से जुड़ी तस्वीरें भी फैंस के साथ साझा करते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने अपने परिवार से जुड़ी एक अनमोल याद को सामने रखा।
अपनी छोटी बहन गुलहिमा बेदी के जन्मदिन पर उन्होंने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह काफी छोटे दिखाई दे रहे हैं और अपनी मां के बेहद करीब खड़े हैं। इस खास तस्वीर के साथ उन्होंने बताया कि गुलहिमा बचपन से ही उनकी जिंदगी की बेहद खास यादों का हिस्सा रही हैं।
तस्वीर शेयर करते हुए कबीर ने अपनी और गुलहिमा की बचपन की बॉन्डिंग को याद किया। उन्होंने लिखा, ''कुछ रिश्ते तब शुरू हो जाते हैं जब हमारे पास उनके लिए शब्द भी नहीं होते। यहां मैं अपनी मां और अपनी छोटी बहन गुली के पास खड़ा हूं और पहले से ही उससे पूरी तरह जुड़ा हुआ हूं। समय के साथ जिंदगी में कई बदलाव आए, लेकिन मेरी बहन के साथ मेरी रिश्ता हमेशा खास बना रहा।''
उन्होंने कहा कि गुलहिमा उनकी बचपन की सबसे पहली और प्यारी यादों में शामिल हैं। अभिनेता ने लिखा, ''जिंदगी में आए तमाम बदलावों के बाद भी वह मेरी बचपन की सबसे पहली और सबसे प्यारी यादों का हिस्सा बनी हुई है। तब भी मैं उसे बहुत प्यार करता था और आज भी करता हूं। दुनिया की सबसे अच्छी बहन! जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी गुली।'
कबीर बेदी की बात करें तो वह भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकारों में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। उन्होंने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में दी, जिनमें 'खून भरी मांग', 'कच्चे धागे', 'मैं हूं ना', 'ऑक्टोपसी', 'नागिन', 'मोहनजोदड़ो', 'ताजमहल: एन इटरनल लव स्टोरी', 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई', 'साहेब, बीवी और गैंगस्टर 3' और 'दिलवाले' जैसी फिल्में शामिल है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

