अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी, तकनीकी बदलावों को अपनाएं पत्रकार : अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए पत्रकारों से तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और तकनीकी परिवर्तनों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी और समाज के प्रति जवाबदेही भी पत्रकारिता का उतना ही महत्वपूर्ण हिस्सा है।
राष्ट्रीय राजधानी में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हो रहे हैं और आने वाले पांच वर्षों में दुनिया उतनी बदल सकती है, जितनी पिछले दो दशकों में नहीं बदली। उन्होंने विशेष रूप से युवा पत्रकारों को नई तकनीकों को अपनाने और लगातार अपने कौशल को उन्नत करने की सलाह दी।
मंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि बढ़ती गलत सूचनाओं, डीपफेक, भ्रामक विज्ञापनों, डिजिटल धोखाधड़ी और बच्चों को प्रभावित करने वाली हानिकारक सामग्री के दौर में क्या केवल कम्युनिटी गाइडलाइंस पर्याप्त हैं।
उन्होंने कहा कि यह विचार करना आवश्यक है कि बदलते मीडिया परिदृष्य का नियमन किस प्रकार किया जाए ताकि नागरिकों को सशक्त बनाया जा सके और नई चुनौतियों का समाधान निकाला जा सके।
वहीं, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि पत्रकारिता को जनभागीदारी और विश्वसनीयता के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकप्रियता को सत्य से ऊपर नहीं रखा जा सकता और न ही वायरल होने की होड़ को तथ्यों की पुष्टि से अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज टीआरपी, क्लिक और डिजिटल एंगेजमेंट का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद संपादकीय विवेक, फैक्ट चेक और समाचार तथा राय के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि एआई पत्रकारों की मदद कर सकती है, लेकिन वह पत्रकार की जिम्मेदारी और निर्णय क्षमता का स्थान नहीं ले सकती।
मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने कहा कि सनसनीखेज प्रस्तुति और जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच बहुत बारीक अंतर होता है। उन्होंने संपादकीय निर्णय क्षमता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पत्रकारों को हमेशा सत्यता और सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
वहीं, पीसीआई की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता मानकों को बेहतर बनाने के लिए परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति ने सूचना को कुछ ही सेकंड में करोड़ों लोगों तक पहुंचाना संभव बना दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि आज मोबाइल फोन और इंटरनेट की मदद से कोई भी व्यक्ति सूचना प्रसारित कर सकता है, लेकिन हर व्यक्ति जो समाचार साझा कर रहा है, वह जरूरी नहीं कि पत्रकारिता के सिद्धांतों और नैतिक मानकों से प्रशिक्षित या बंधा हुआ हो। ऐसे में पेशेवर पत्रकारिता की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
--आईएएनएस
डीबीपी

