Samachar Nama
×

अनंतनाग में तीन लापता नाबालिग लड़कियों का पता लगाने पर पुलिस कॉन्स्टेबल सम्मानित

श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में तीन लापता नाबालिग लड़कियों का सफलतापूर्वक पता लगाकर उन्हें उनके परिवारों से मिलाने वाले पुलिस कॉन्स्टेबल फैयाज अहमद को सम्मानित किया गया।
अनंतनाग में तीन लापता नाबालिग लड़कियों का पता लगाने पर पुलिस कॉन्स्टेबल सम्मानित

श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में तीन लापता नाबालिग लड़कियों का सफलतापूर्वक पता लगाकर उन्हें उनके परिवारों से मिलाने वाले पुलिस कॉन्स्टेबल फैयाज अहमद को सम्मानित किया गया।

अनंतनाग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अशोक अमोद नागपुरे ने कॉन्स्टेबल फैयाज अहमद को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। पुलिस के अनुसार, ब्राकपोरा के नुनवानी क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों की तलाश में कांस्टेबल फैयाज अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

ये लड़कियां करीब 24 घंटे तक लापता रहीं, जिससे उनके परिवारों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया था। पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने व्यापक खोज अभियान चलाया, जिसके बाद लड़कियों को अचबल स्थित कैफेटेरिया पार्क से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

लड़कियों के सुरक्षित मिलने से उनके परिवारों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। इस सफलता के बाद पुलिस के प्रयासों की भी व्यापक सराहना हुई।

सम्मान समारोह के दौरान एसएसपी नागपुरे ने कांस्टेबल फैयाज अहमद की तत्परता, सजगता और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लापता होने जैसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह का सम्मान उन कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है, जो अपने कर्तव्यों के निर्वहन और जनता की सेवा में असाधारण समर्पण का परिचय देते हैं।

पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए पुलिस पुस्तकालयों का संचालन करती है तथा खेल प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती है।

इसके अलावा, पुलिस दूरदराज के क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर, मातृत्व स्वास्थ्य शिविर और मोबाइल डिस्पेंसरी जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। ग्रामीण इलाकों और स्कूलों में पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं के विकास में भी सहयोग करती है।

शिक्षा के क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस अपने विद्यालय संचालित करती है तथा जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त किताबें, कॉपियां, पेन और स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराती है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी

Share this story

Tags