अटलांटा जी20 बैठक: जयशंकर ने कनाडा, ब्राजील, अर्जेंटीना, मैक्सिको और जर्मनी के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की
अटलांटा, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अटलांटा में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कनाडा, ब्राजील, अर्जेंटीना, मैक्सिको और जर्मनी के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और ऊर्जा जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने कहा कि दोनों पक्षों ने एक व्यापार समझौते पर चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नई दिल्ली में हमारी बातचीत के कुछ ही हफ्तों बाद, मैं अटलांटा में जी20 के दौरान फिर विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिली। हमने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए और एक व्यापक व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने तथा क्षेत्रीय सुरक्षा पर सहयोग को गहरा करने के लिए भविष्य के कार्यों पर चर्चा की।"
उन्होंने लिखा, "वैश्विक अर्थव्यवस्था का स्वरूप बदल रहा है, और आगे क्या होगा, इसमें कनाडा और भारत की अहम भूमिका है। हमारे संबंधों में नई गति आने के साथ, हमारे पास व्यापार बढ़ाने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आर्थिक सामर्थ्य को और बेहतर बनाने का अवसर है।"
'ग्लोबल अफेयर्स कनाडा' की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि आनंद ने "साल के अंत तक एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को पूरा करने की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया।" साथ ही, दोनों मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि "दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी की कनाडा यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी।"
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि उन्होंने "हमारे सहयोग में हो रही निरंतर प्रगति का जायजा लिया।"
ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा के साथ अपनी बातचीत के बारे में जयशंकर ने कहा, "हमारी चर्चा में द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों को शामिल किया गया।"
ब्राजील के विदेश मंत्रालय, 'इतामाराती' ने बताया कि यह मुलाकात जी20 मंत्रिस्तरीय बैठक के पहले दिन के अंत में हुई। मंत्रालय के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक एजेंडे पर चर्चा की। जयशंकर ने ब्राजील में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने पर विएरा को बधाई दी और उनसे अनुरोध किया कि वे राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा को उनकी चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हार्दिक बधाई दें।
विदेश मंत्री जयशंकर ने अर्जेंटीना के विदेश मंत्री पाब्लो क्विरनो से भी मुलाकात की। उन्होंने पोस्ट किया, "व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और परमाणु सहयोग पर चर्चा हुई। साथ ही, बहुपक्षीय मुद्दों पर भी बात की गई।"
विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि मैक्सिको के विदेश मंत्री रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज के साथ उनकी मुलाकात "हमारे संबंधों को नई गति देने पर केंद्रित थी।"
विदेश मंत्री जयशंकर ने जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से भी मुलाकात की। उन्होंने लिखा, "जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से मिलकर बहुत अच्छा लगा। मैं हमेशा उनके साथ अपनी बातचीत का इंतजार करता हूं।"
--आईएएनएस
केआर/

