Samachar Nama
×

जयपुर में 9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे नेतृत्व

जयपुर में 9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे नेतृत्व
जयपुर में 9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे नेतृत्व

जयपुर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ के नेतृत्व में रविवार को जयपुर में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

इस दौरान देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर चलेंगे और पूरे मार्ग पर "जन गण मन" तथा "वंदे मातरम्" की गूंज सुनाई देगी। यह आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और राजस्थान सरकार के कला, साहित्य एवं पुरातत्व विभाग के निर्देशों पर 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले तिरंगा कार्यक्रम का हिस्सा है।

जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक के अनुसार, राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा रविवार सुबह करीब 9 बजे अल्बर्ट हॉल संग्रहालय से शुरू होगी। यात्रा शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सांसद मदन राठौड़ अमर जवान ज्योति (शहीद स्मारक) पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।

तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल के निकट स्थित राम निवास बाग के निकास द्वार से शुरू होकर सांगानेरी गेट और जौहरी बाजार होते हुए बड़ी चौपड़ पर समाप्त होगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस यात्रा में करीब 10,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सेना के जवानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स, माय भारत स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पेंशनर्स, पूर्व सैनिकों और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी बड़ी संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

गौरतलब है कि 9 से 17 अगस्त तक देश भर में तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने, स्वतंत्रता संग्राम की भावना को याद करने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित करना है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story