Samachar Nama
×

जयपुर: बिना बताए घर से निकले चार बच्चे, रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे अयोध्या

जयपुर: बिना बताए घर से निकले चार बच्चे, रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे अयोध्या
जयपुर: बिना बताए घर से निकले चार बच्चे, रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे अयोध्या

जयपुर, 25 जून (आईएएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर से मंगलवार को अचानक चार बच्चे गायब हो गए थे, जिसकी गुत्थी अब सुलझ गई है। दरअसल, ये सभी बच्चे लापता नहीं हुए थे, बल्कि वे रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या राम मंदिर के लिए घर से निकल गए थे। जांच के बाद सभी बच्चे अयोध्या में सुरक्षित पाए गए। बच्चों के सकुशल मिलने की सूचना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

यह घटना जयपुर के मुहाना क्षेत्र की मंगलवार की है, जब बच्चे ट्यूशन से घर लौटने के बाद दोपहर में बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। लापता बच्चों में 13 वर्षीय एक किशोरी, उसकी 9 वर्षीय बहन, उनकी 11 वर्षीय चचेरी बहन और उसका 8 वर्षीय भाई शामिल हैं।

शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में मुहाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया और आखिरकार बच्चों का पता अयोध्या में लगाया।

मुहाना थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरभूपेंद्र ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। पुलिस ने मालपुरा गेट बस स्टैंड, आसपास के बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चारों बच्चे एक साथ मालपुरा गेट की ओर जाते दिखाई दिए। एक वीडियो में वे चूड़ी की दुकान पर रुकते नजर आए, जबकि दूसरे फुटेज में वे ई-रिक्शा के पास खड़े दिखे।

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के कई ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की, जिससे बच्चों की गतिविधियों और उनके संभावित मार्ग का पता लगाने में मदद मिली। बच्चों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उनकी सटीक लोकेशन का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन लगातार जांच और जमीनी स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस अयोध्या तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार, चारों बच्चों की लंबे समय से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने और भव्य राम मंदिर देखने की इच्छा थी। इसी इच्छा से प्रेरित होकर वे बिना किसी को बताए घर से निकल गए और ट्रेन में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्होंने सुल्तानपुर और कुशीनगर से जुड़े मार्गों से सफर किया और अंततः अयोध्या पहुंच गए।

मुहाना पुलिस ने पुष्टि की है कि चारों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों के साथ-साथ पुलिस टीम को भी बड़ी राहत मिली है, जो पिछले कई दिनों से उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ अयोध्या रवाना हो चुकी है और जल्द ही बच्चों को वापस जयपुर लाया जाएगा।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags