Samachar Nama
×

जगन और शर्मिला ने अपने पिता वाईएसआर को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

जगन और शर्मिला ने अपने पिता वाईएसआर को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
जगन और शर्मिला ने अपने पिता वाईएसआर को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

कडपा, 2 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी और राज्य कांग्रेस प्रमुख वाईएस शर्मिला ने बुधवार को अपने पिता और अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस राजशेखर रेड्डी (वाईएसआर) को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।

अपनी मां, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जगन मोहन रेड्डी ने दिवंगत नेता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

परिवार ने विभिन्न नेताओं द्वारा आयोजित विशेष प्रार्थनाओं में भी भाग लिया। वरिष्ठ नेताओं, पूर्व और वर्तमान जन-प्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की और दिवंगत नेता को गहरे सम्मान के साथ याद किया। उन्होंने कल्याणकारी कार्यों और विकास के सूत्रधार के रूप में उनकी स्थायी विरासत को भी याद किया।

जगन मोहन रेड्डी ने 'एक्स' पर लिखा, "हमेशा आपकी याद आती है, डैड! आप हमेशा मेरी प्रेरणा रहेंगे।" वाईएसआर की बेटी शर्मिला ने भी समाधि स्थल पर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर विजयम्मा भी मौजूद थीं।

श्रद्धांजलि देते हुए शर्मिला ने कहा कि वाईएसआर एक महान नेता थे, जिन्होंने लाखों लोगों के दिलों में एक अमिट जगह बनाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वाईएसआर द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं ने एक स्थायी छाप छोड़ी है। जो देश के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा गया एक अध्याय है।

उन्होंने कहा कि 'आरोग्यश्री' एक शानदार योजना थी जिसने गरीबों को कॉर्पोरेट-स्तर की मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान की, जबकि 'फीस प्रतिपूर्ति' योजना ने लाखों वंचित छात्रों के लिए मुफ्त शिक्षा और शैक्षणिक सुरक्षा सुनिश्चित की।वाईएसआर आधुनिक युग के 'भगीरथ' थे, जिन्होंने किसानों को मुफ्त बिजली देकर कृषि क्षेत्र में बदलाव किया और 'जल-यज्ञम' परियोजना के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था में क्रांति ला दी। 108 और 104 एम्बुलेंस सेवाओं और किसानों के कृषि ऋण माफी जैसी पहल आज भी अविस्मरणीय हैं।

शर्मिला ने याद किया कि वाईएसआर के निधन की खबर सुनकर गहरे दुख के कारण 700 लोगों की जान चली गई थी। उन्होंने कहा कि इस बरसी पर, वाईएसआर की बेटी के तौर पर, मैं उन्हें भी श्रद्धांजलि देती हूं। हम उन सभी का दिल से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने आज उन्हें याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वाईएसआर 2004 से 2009 तक अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। कांग्रेस पार्टी को लगातार दूसरी बार चुनावी जीत दिलाने के कुछ ही महीनों बाद 2 सितंबर 2009 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रेड्डी की मौत हो गई थी।

उस समय कांग्रेस सांसद रहे जगन ने बाद में पार्टी से अलग होकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी बनाई। 2019 में मुख्यमंत्री बनने के बाद जब उनके और शर्मिला के बीच मतभेद पैदा हुए, तब से वे वाईएसआर घाट पर उनकी जयंती और पुण्यतिथि के कार्यक्रमों में अलग-अलग शामिल होते रहे हैं।

वाईएसआर कांग्रेस को 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा था।

वाईएसआर की विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहीं शर्मिला वाईएसआर तेलंगाना पार्टी का कांग्रेस में विलय करने के बाद 2024 की शुरुआत में राज्य कांग्रेस की अध्यक्ष बनी।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story