Samachar Nama
×

आईटीसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 20 प्रतिशत घटा; आय 18,401 करोड़ रुपए रही

आईटीसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 20 प्रतिशत घटा; आय 18,401 करोड़ रुपए रही
आईटीसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 20 प्रतिशत घटा; आय 18,401 करोड़ रुपए रही

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिग्गज भारतीय कंपनी आईटीसी ने सोमवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 20.1 प्रतिशत कम होकर 4,137 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,176 करोड़ रुपए था।

एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में उसकी कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 1.8 प्रतिशत बढ़कर 18,401 करोड़ रुपए की हो गई है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 18,081 करोड़ रुपए पर थी।

आईटीसी के मुनाफे में कमी आने की बड़ी वजह कंपनी का मार्जिन में गिरावट आना है, जो कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में घटकर 28 प्रतिशत रह गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 34.6 प्रतिशत था।

कंपनी के स्टैंडअलोन बिजनेस ने प्रमुख सेगमेंट में ग्रोथ दर्ज की, जिसमें एफएमसीजी ऑपरेशंस सबसे आगे रहे।

दूसरी तिमाही में एफएमसीजी आय में सबसे बड़ा योगदान देने वाला सेगमेंट बना रहा। सितंबर तिमाही में इस सेगमेंट से आय बढ़कर 22,503.30 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 14,746.35 करोड़ रुपए थी।

एफएमसीजी सेगमेंट में सिगरेट बिजनेस से 15,536.13 करोड़ रुपए का राजस्व आया, जबकि कंपनी के नॉन-सिगरेट एफएमसीजी पोर्टफोलियो से 6,967.17 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई।

एग्री बिजनेस सेगमेंट में भी ग्रोथ देखने को मिली। इसकी आय एक साल पहले के 3,976.24 करोड़ रुपए से बढ़कर 4,451.69 करोड़ रुपए हो गया।

कंपनी ने अपनी फाइलिंग में बताया कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में पेपरबोर्ड, पेपर और पैकेजिंग बिजनेस से मिलने वाली आय बढ़कर 3,015.85 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 2,219.92 करोड़ रुपए थी।

आईटीसी का शेयर कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर हल्की बढ़त के साथ 266.40 रुपए पर बंद हुआ। बीते एक हफ्ते में शेयर ने 2.26 प्रतिशत और बीते एक महीने में 4.10 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

वहीं, इस साल की शुरुआत से अब तक शेयर -26.78 प्रतिशत और बीते एक साल में -36.62 प्रतिशत फिसल गया है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags