पीएम मेलोनी को लेकर ट्रंप की टिप्पणी पर भड़का इटली, विदेश मंत्री तजानी ने रद्द की अमेरिका यात्रा
रोम, 19 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर की गई टिप्पणियों का असर दोनों देशों के रिश्तों पर देखने को मिला। इस घटना के बाद इटली के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी ने शुक्रवार को अमेरिका के मियामी में होने वाले बिजनेस फोरम के लिए अपनी तय यात्रा रद्द करने का ऐलान किया।
तजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के खिलाफ गंभीर और अपमानजनक शब्द पूरे इटली का अपमान हैं। इसलिए मैंने 21 और 22 जून को होने वाली अपनी अमेरिका यात्रा रद्द करने का फैसला किया है।”
एडनक्रोनोस न्यूज एजेंसी रिपोर्ट के मुताबिक, इटली सरकार में प्रधानमंत्री कार्यालय के अंडरसेक्रेटरी जियोवनबतिस्ता फजोलारी ने कहा, "जॉर्जिया मेलोनी को लेकर ट्रंप की टिप्पणियां यूरोपीय नेताओं पर किए जा रहे हमलों और अपमान की एक और कड़ी हैं। यह साफ नहीं है कि वह जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं या उनकी नाकामी की वजह से ऐसा हो रहा है, लेकिन वह अमेरिका और यूरोप के बीच पुराने रिश्तों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, “अपनी अनुचित टिप्पणियों से उन्होंने ऐसा कर दिया है कि पूरे यूरोप में अमेरिका की छवि खराब हो रही है। इससे नुकसान सिर्फ यूरोप को नहीं, बल्कि सबसे ज्यादा अमेरिका को है।"
लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद और सचिव लुइगी मैराटिन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जब किसी देश का प्रमुख, जो एक ऐसे देश का अस्थायी प्रतिनिधि है, जो सम्मान, आजादी और लोकतंत्र का प्रतीक है, हमारे प्रधानमंत्री का अपमान करता है, तो राजनीति को एकजुट होकर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। यह राइट, लेफ्ट या सेंटर की राजनीति का मामला नहीं है, बल्कि देश के सम्मान का मामला है। सही हो या गलत, मेरा देश है। हमारी पार्टी की ओर से जॉर्जिया मेलोनी को समर्थन।"
रिपोर्टों के मुताबिक, ट्रंप ने इटली के टीवी चैनल ला-7 के कार्यक्रम में डेविड पैरेंजो के साथ एक फोन इंटरव्यू में कहा कि जॉर्जिया मेलोनी ने उनसे फोटो खिंचवाने की बहुत इच्छा जताई थी।
ट्रंप ने कहा, “उन्होंने मुझसे मेरे साथ फोटो लेने के लिए गुजारिश की। वह मेरे साथ फोटो चाहती थीं। शायद मैं ऐसा नहीं करता, लेकिन मुझे उनके लिए थोड़ी सहानुभूति हुई।”
ट्रंप ने कहा, “शायद वह खुश हैं कि मैंने उनसे बात की। मेरे लिए उनसे बात करना जरूरी नहीं था।”
ट्रंप ने कहा कि “यूरोप ने एनर्जी और इमिग्रेशन के मामले में सब कुछ गलत किया है। अगर वे इन समस्याओं को हल नहीं करते, तो यूरोप कभी पहले जैसा नहीं रहेगा।”
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

