Samachar Nama
×

इजरायली सेना ने हमास हमले की तीसरी बरसी पर जारी क‍िए आंकड़े, तीन साल में एक लाख ठिकानों पर किए हमले

इजरायली सेना ने हमास हमले की तीसरी बरसी पर जारी किए आंकड़े, तीन साल में एक लाख ठिकानों पर किए हमले
इजरायली सेना ने हमास हमले की तीसरी बरसी पर जारी क‍िए आंकड़े, तीन साल में एक लाख ठिकानों पर किए हमले

यरुशलम, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। इजरायली सेना ने हमास के हमले की तीसरी बरसी पर अपने अभियानों से जुड़े आंकड़े जारी किए। सेना ने कहा क‍ि अक्टूबर 2023 से अब तक पूरे मध्य पूर्व में करीब एक लाख ठिकानों पर हमले किए गए हैं। साथ ही सेना ने अपने रिजर्व बलों की संख्या में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।

इजरायली सेना ने बुधवार को बताया कि 2026 में रिजर्व लड़ाकू यूनिट्स के जवान औसतन 80 से 100 दिनों तक सेवा दे रहे हैं, जबकि पहले औसतन करीब 55 दिनों की सेवा की योजना थी। सेना ने इसके पीछे बदलती ऑपरेशनल जरूरतों को वजह बताया।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2024 में जारी आदेश के बाद ऐसे करीब 22 हजार रिजर्व सैनिकों को दोबारा ड्यूटी पर बुलाया गया है, जिन्हें पहले सेवा मुक्त कर दिया गया था।

सेना के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अब तक जिन करीब एक लाख ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें लगभग 65 हजार गाजा में, 28 हजार लेबनान और सीरिया में, 4,500 ईरान में और 80 यमन में थे। हालांकि, सेना ने यह साफ नहीं किया कि एक ही जगह पर बार-बार किए गए हमलों को अलग-अलग गिना गया है या नहीं।

कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली सेना ने कहा कि पिछले तीन साल में करीब 45 हजार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इनमें पत्थर फेंकने या हथियार रखने के आरोपी और हमलों की योजना बनाने के संदिग्ध लोग शामिल हैं।

सेना के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 3,800 से ज्यादा हथियार जब्त किए गए हैं।

इजरायली सेना ने बताया कि पिछले तीन साल में गाजा से इजरायल की ओर करीब 10,200 प्रोजेक्टाइल, लेबनान से 20,000, ईरान से 1,200, सीरिया से 50 और यमन से 90 प्रोजेक्टाइल दागे गए। इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

सेना के मुताबिक, इन अभियानों के दौरान 970 इजरायली सैनिकों की मौत हुई है। वहीं, युद्ध में घायल हुए 70 प्रतिशत से ज्यादा सैनिक वापस ड्यूटी पर लौट चुके हैं।

सात अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में दक्षिणी इजरायल पर हुए हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे। इसके बाद इजरायल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान में अब तक 74,200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। बाद में यह संघर्ष मध्य पूर्व के दूसरे हिस्सों में भी फैल गया।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags