Samachar Nama
×

बातचीत आगे बढ़ाएंगे, लेकिन धमकी और दबाव के आगे नहीं झुकेंगे : ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन

बातचीत आगे बढ़ाएंगे, लेकिन धमकी और दबाव के आगे नहीं झुकेंगे : ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन
बातचीत आगे बढ़ाएंगे, लेकिन धमकी और दबाव के आगे नहीं झुकेंगे : ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन

तेहरान, 29 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्‍क‍ियन ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार कूटनीतिक प्रयासों और बातचीत को आगे बढ़ा रही है और उसे उम्मीद है कि इससे सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि ईरान किसी भी तरह की आक्रामकता, धमकी या दबाव के आगे नहीं झुकेगा।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी 'आईआरएनए' के अनुसार, तेहरान के बाजार और व्यापारिक संगठनों के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के सदस्यों को संबोधित करते हुए पेजेश्‍क‍ियन ने कहा, "हम समझदारी और संवाद के जरिए बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हम आक्रामकता या अपने दुश्मनों की किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई के आगे नहीं झुकेंगे। हम अपमान स्वीकार नहीं करेंगे और जबरदस्ती तथा दबंगई का डटकर मुकाबला करेंगे।"

उन्होंने कहा कि ईरान के विरोधी देश के भीतर असंतोष, अशांति और आपसी विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सभी लोगों को मिलकर उनके इरादों को नाकाम करना होगा। राष्ट्रपति ने कहा, "अगर हम सभी एकजुट होकर काम करें तो हर संकट का सामना कर सकते हैं और देश की समस्याओं का समाधान भी एकता और सहयोग के जरिए निकाला जा सकता है।"

रिपोर्ट के अनुसार, पेजेश्‍क‍ियन ने कहा कि ईरान के विरोधियों ने हवाई, समुद्री और जमीनी स्तर पर दबाव बनाकर देश के लोगों को झुकाने की कोशिश की है। उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय एकता और देश की अपनी क्षमताएं ईरान को इन चुनौतियों से उबरने में मदद करेंगी।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ हुए युद्ध के दौरान ईरान के विरोधियों को भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। उनके मुताबिक, हालिया चुनावों के नतीजों ने भी इस बात को दिखाया है। इस बीच ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (एईओआई) के प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने भी अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की आलोचना की।

ईरान के परमाणु उद्योग की उपलब्धियों पर आधारित एक प्रदर्शनी के दौरान पत्रकारों से बातचीत में इस्लामी ने कहा कि आईएईए उन परमाणु ठिकानों के निरीक्षण की मांग नहीं कर सकती, जिन पर सैन्य हमले हुए हैं, जबकि वह उन हमलों की निंदा तक नहीं करती। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश की परमाणु गतिविधियां पूरी तरह पारदर्शी हैं।

इस्लामी ने कहा कि ईरान ने अपनी कुछ परमाणु सुविधाएं जमीन के नीचे इसलिए बनाई हैं क्योंकि पिछले लगभग 30 वर्षों से अमेरिका और इजरायल की ओर से लगातार खतरे और हमले होते रहे हैं। यह कदम किसी चीज को छिपाने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षा कारणों से उठाया गया था।

उन्होंने कहा कि ईरान की सभी परमाणु सुविधाएं, चाहे वे किसी भी स्थान पर हों, हमेशा आईएईए की निगरानी में रही हैं। आईएईए पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए इस्लामी ने कहा कि जब तक एजेंसी सैन्य हमलों की निंदा नहीं करती, तब तक वह ज्ञान की निरंतरतासुनिश्चित करने के नाम पर उन परमाणु स्थलों के निरीक्षण की मांग नहीं कर सकती जो पहले ही हमलों का निशाना बन चुके हैं और अब भी खतरे में हैं।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story

Tags