ईरान ने हवाई प्रतिबंधों के जवाब में सैन्य कार्रवाई करने से किया इनकार
तेहरान, 27 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) सचिवालय ने बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि विमानन प्रतिबंधों के जवाब में ईरान कोई सैन्य जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा।
अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने एसएनएससी के फैसले से रूबरू कराया है।
एसएनएससी ने सेक्रेटरी मोहसेन रेजाई की हाल की टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किए जाने के जवाब में बयान जारी किया। रेजाई ने हवाई परिवहन के मुद्दे पर बात की थी, जिससे सवाल और कुछ उलझनें पैदा हो गई थीं।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एसएनएससी ने उन दावों को खारिज किया जिसमें ईरान की ओर से हवाई प्रतिबंधों के जवाब में सैन्य कार्रवाई की बात कही गई थी। साथ ही, यह भी कहा गया कि कुछ "गैर-कानूनी" हवाई प्रतिबंधों को हटाने के लिए संबंधित देशों के साथ गंभीरता से बातचीत की जा रही है।
एसएनएससी ने इस बात पर जोर दिया कि प्रतिबंधों का पालन करने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के कई गैर-सैन्य तरीके हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर कुछ हवाई अड्डों पर लागू किया जा सकता है, हालांकि उम्मीद जताई गई कि स्थिति उस हद तक नहीं पहुंचेगी।
इस हफ्ते की शुरुआत में, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि बुधवार से "दुनिया भर में सभी ईरानी एयरलाइंस बंद कर दी जाएंगी"। उन्होंने उन कंपनियों पर सेकेंडरी प्रतिबंध लगाने की धमकी दी जो उन्हें हवाई सेवाएं देती हैं।
उन्होंने ब्रॉडकास्टर सीएनबीसी को बताया कि जब ईरानी विमान किसी हवाई अड्डे पर उतरते हैं, तो "आप उन्हें ईंधन नहीं दे सकते, लैंडिंग सेवाएं नहीं दे सकते, टिकट नहीं बेच सकते, वरना आपको डॉलर सिस्टम से बाहर कर दिया जाएगा।"
ईरानी एयरलाइंस पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू होने के कुछ घंटों बाद बुधवार को सरकारी आईआरआईबी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में, रेजाई ने देशों, खासकर ईरान के पड़ोसियों से अपील की कि वे अमेरिका की "साहसिक कार्रवाई" में शामिल न हों क्योंकि यह जल्द ही विफल हो जाएगी।
इस बीच, खबर है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सात दिन के संघर्ष-विराम (सीजफायर) के लिए ईरान के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और अमेरिका में नवंबर के मध्यावधि चुनावों के बाद तेहरान पर फिर से बमबारी शुरू करने की आशंका है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले की जानकारी रखने वाले अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए रिपोर्ट दी कि ट्रंप ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
उन्होंने अपने 'ट्रुथ सोशल' प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य का नक्शा दिखाया गया है, जिस पर घेरा बनाकर "ट्रंप स्ट्रेट" लिखा है।
--आईएएनएस
केआर/

