Samachar Nama
×

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो का विमान, सभी यात्री सुरक्षित

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो का विमान, सभी यात्री सुरक्षित
श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो का विमान, सभी यात्री सुरक्षित

श्रीनगर, 4 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो के एक विमान के साथ हादसा हो गया। पार्किंग के दौरान विमान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (वीडीजीएस) के पोल से टकरा गया। इस पोल पर डिस्प्ले यूनिट और उससे जुड़े लेजर या कैमरा सेंसर लगे होते हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:02 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6ई 225 (वीटी-एनओजी) जो नवी मुंबई से श्रीनगर आ रही थी, वह श्रीनगर एयरपोर्ट पर बे नंबर 6 पर पार्क की जा रही थी, तभी वह वीडीजीएस पोल के संपर्क में आ गई।

श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों और क्रू को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से विमान से सुरक्षित उतारा गया।

अधिकारियों ने कहा कि इस घटना के कारणों की जांच तय प्रक्रिया के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह पता चल पाएगी। एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है और सभी उड़ानों का आना-जाना तय समय पर जारी है।

गौरतलब है कि यह घटना उस घटना के एक दिन बाद हुई है जब दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट करना पड़ा था। दरअसल, पायलट की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और उसे तुरंत मेडिकल सहायता की जरूरत थी।

फ्लाइट 6ई 1302 के पायलट को मस्कट में लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने देखा और फिर अस्पताल ले जाया गया। अब उसकी तबीयत ठीक बताई जा रही है।

इंडिगो ने यात्रियों के लिए बेंगलुरु से मस्कट के लिए दूसरा विमान और नई क्रू टीम का इंतजाम किया ताकि यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

एयरलाइन ने कहा था कि फ्लाइट 6ई 1302 को क्रू मेंबर को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता के कारण डायवर्ट किया गया था। एयरलाइन ने यह भी कहा कि मस्कट में इंतजार कर रहे यात्रियों को जलपान और नियमित अपडेट दिए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags