भारत में व्हाइट-कॉलर नौकरियों की भर्ती अगस्त में 14 प्रतिशत बढ़ी
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में व्हाइट-कॉलर नौकरियों में भर्ती अगस्त में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़ी। इस वृद्धि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) से जुड़ी नौकरियों की अहम भूमिका रही, जिनमें 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।
नौकरी डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल त्योहारी सीजन की शुरुआत देर से होने के बावजूद भर्ती में यह वृद्धि दर्ज की गई। नौकरी का जॉबस्पीक इंडेक्स अगस्त में बढ़कर 3,028 हो गया, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 2,664 था।
ऑटो सेक्टर में भर्ती में 19 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद हेल्थकेयर में 16 प्रतिशत और रिटेल सेक्टर में 15 प्रतिशत की वृद्धि रही।
अन्य प्रमुख क्षेत्रों में इंश्योरेंस में भर्ती में सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके बाद आईटी में 11 प्रतिशत, बैंकिंग और एफएमसीजी में 10-10 प्रतिशत एवं बीपीओ/आईटीईएस, ऑयल एंड गैस और रियल एस्टेट में 8-8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, फार्मा और बायोटेक सेक्टर में भर्ती स्थिर रही, जबकि हॉस्पिटैलिटी और ट्रैवल में 4 प्रतिशत एवं एजुकेशन सेक्टर में भर्ती में 8 प्रतिशत की गिरावट आई।
फ्रेशर्स की भर्ती में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि 4-7 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती 10 प्रतिशत बढ़ी। मिड-टू-सीनियर अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। 8-12 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती में 16 प्रतिशत, 13-16 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती में 18 प्रतिशत और 16 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती में 13 प्रतिशत वृद्धि हुई।
इन्फो एज (इंडिया) लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ हितेश ओबेरॉय ने कहा, “इस वृद्धि को त्योहारी कैलेंडर के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। पिछले साल त्योहारी अवधि का बड़ा हिस्सा अगस्त में था, जबकि इस साल यह सितंबर में शिफ्ट हो गया है।”
कार्य के आधार पर हेल्थकेयर एवं लाइफ साइंसेज में भर्ती 34 प्रतिशत, मीडिया प्रोडक्शन एवं एंटरटेनमेंट में 33 प्रतिशत, इंजीनियरिंग-हार्डवेयर एवं नेटवर्क्स में 30 प्रतिशत और बीएफएसआई, इन्वेस्टमेंट एवं ट्रेडिंग में 29 प्रतिशत बढ़ी।
मेट्रो शहरों में हैदराबाद ने 23 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ भर्ती वृद्धि में सबसे आगे रहा। इसके बाद कोलकाता में 22 प्रतिशत, चेन्नई में 20 प्रतिशत, बेंगलुरु और पुणे में 14-14 प्रतिशत, दिल्ली-एनसीआर में 10 प्रतिशत और मुंबई में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
उभरते शहरों में भुवनेश्वर में 32 प्रतिशत और रायपुर में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सूरत और रांची में भी भर्ती में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
अगस्त में आईटी/सॉफ्टवेयर सर्विसेज सेक्टर में भर्ती सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ी। प्रमुख मेट्रो शहरों में भी वृद्धि देखने को मिली। कोलकाता में आईटी भर्ती 33 प्रतिशत बढ़ी, जबकि हैदराबाद में 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
आईटी सेक्टर के भीतर एआई/एमएल से जुड़ी भर्ती 22 प्रतिशत बढ़ी, जबकि आईटी एवं इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी से संबंधित पदों की मांग में 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह विशेष तकनीकी कौशल वाले प्रतिभाशाली प्रोफेशनल्स की लगातार मजबूत मांग को दर्शाता है।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) में भर्ती अगस्त में 10 प्रतिशत बढ़ी। दक्षिण भारत के टेक्नोलॉजी हब में भर्ती वृद्धि सबसे मजबूत रही। हैदराबाद में जीसीसी भर्ती 28 प्रतिशत बढ़ी, जबकि चेन्नई में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
--आईएएनएस
एबीएस

