Samachar Nama
×

कनाडा में भारतीय मिशन ने मनाई 26/11 की 18वीं बरसी, आतंकवाद के खिलाफ एकजुट लड़ाई का आह्वान

कनाडा में भारतीय मिशन ने मनाई 26/11 की 18वीं बरसी, आतंकवाद के खिलाफ एकजुट लड़ाई का आह्वान
कनाडा में भारतीय मिशन ने मनाई 26/11 की 18वीं बरसी, आतंकवाद के खिलाफ एकजुट लड़ाई का आह्वान

ओटावा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने उन लोगों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने इन भयानक हमलों में अपनी जान गंवाई थी। साथ ही आतंकवाद से निपटने के लिए सामूहिक अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का आह्वान किया।

भारतीय मिशन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट पोस्ट कर कहा, "कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी मनाई और इस कायरतापूर्ण आतंकवादी कृत्य में जान गंवाने वाले सभी लोगों को याद किया। कार्यक्रम में विभिन्न दूतावासों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारतीय प्रवासी समुदाय ने भी भाग लिया। मुंबई आतंकी हमले के साथ-साथ दुनिया भर की अन्य बड़ी आतंकी घटनाओं की एक फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।"

सभा को संबोधित करते हुए कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश के. पटनायक ने देशों से आतंकवाद के अभिशाप के खिलाफ मिलकर काम करने का आग्रह किया, साथ ही इसके अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को उजागर किया।

26/11 के हमले पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 आतंकवादियों द्वारा किए गए थे। यह हमला 26 नवंबर, 2008 की रात को शुरू हुआ और 29 नवंबर तक चला। मुंबई में प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर समन्वित हमलों की साजिश रची गई थी।

आतंकवादियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पतालों, नरीमन हाउस और ताज महल पैलेस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटलों सहित कई स्थानों पर हमला किया।

चार दिन की घेराबंदी में 166 लोगों की जान गई और लगभग 300 लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों के ऑपरेशन के दौरान 10 में से 9 हमलावर आतंकी मारे गए जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। उसे 2010 में मौत की सजा सुनाई गई और 2012 में फांसी दी गई थी।

ये हमले भारत के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा कर्मियों द्वारा किए गए बलिदानों की याद दिलाते हैं।

इससे पहले गुरुवार को भारत में कई राजनयिक मिशनों ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही, आतंकवाद से निपटने में भारत के साथ अपनी एकजुटता की पुष्टि की।

इजरायल ने भी 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को याद किया, भारतीय लोगों की दृढ़ता और दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों के साहस को मान्यता दी।

इजरायली विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "आज, इजरायल भारतीय लोगों की दृढ़ता, दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों के साहस और भयानक 26/11 मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों की स्मृति का सम्मान करता है। आतंकवाद की कोई सीमा नहीं है और इसे हराने की हमारी साझा प्रतिबद्धता की भी कोई सीमा नहीं है। इजरायल आतंक के खिलाफ संयुक्त लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।"

--आईएएनएसी

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags