बांग्लादेश में डांडिया और गरबा नाइट का जश्न, उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी भी हुए शामिल
ढाका, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में आयोजित डांडिया और गरबा नाइट कार्यक्रम में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी भी शामिल हुए। बांग्लादेश में इंडियन एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (आईएबीडी) ने ढाका में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और उत्सव परंपराओं का उत्साह के साथ जश्न मनाया गया। इसमें भारतीय समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बांग्लादेश स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "शुक्रवार शाम को भारतीय समुदाय के सदस्यों ने रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिनमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और त्योहारों की परंपराओं की झलक देखने को मिली।"
आईएबीडी एक सामुदायिक संगठन है, जो बांग्लादेश में रहने या वहां आने वाले भारतीय पासपोर्ट धारकों और भारतीय मूल के लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। यह संगठन भारतीय उच्चायोग, ढाका के साथ मिलकर सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
यह आयोजन ढाका में चल रहे हिंदू त्योहारों के दौरान आयोजित कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। इससे पहले 20 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर दिनेश त्रिवेदी ने ढाका के उत्तरा सार्वजनिक मंदिर में बने दुर्गा पूजा पंडाल में जाकर पूजा-अर्चना की थी।
भारतीय उच्चायोग ने अपने संदेश में कहा, "महानवमी के शुभ अवसर पर उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने उत्तरा सार्वजनिक मंदिर के दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा किया और श्रद्धालुओं के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।"
महा नवमी के मौके पर भारतीय उप उच्चायुक्त पवन बधे ने भी ढाका के प्रसिद्ध ढाकेश्वरी मंदिर का दौरा किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने पारंपरिक 'धनुची नृत्य' प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
भारतीय उच्चायोग ने कहा, "महानवमी के शुभ अवसर पर उप उच्चायुक्त पवन बढ़े ने ढाकेश्वरी मंदिर में आयोजित आरती प्रतियोगिता में भाग लिया, जहां अलग-अलग आयु वर्ग के कलाकारों ने ढाक की ताल पर मनमोहक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया।"
भारतीय उच्चायोग के प्रतिनिधियों ने अष्टमी के अवसर पर ढाका स्थित रामकृष्ण मिशन में आयोजित संध्या पूजा में भी हिस्सा लिया।
उच्चायोग के अनुसार, इस कार्यक्रम में भक्ति, आस्था और सामाजिक सौहार्द की भावना का उत्सव मनाया गया। इसके अलावा दिनेश त्रिवेदी ने गुलशन-बनानी सार्वजनिक पूजा फाउंडेशन, ढाका विश्वविद्यालय और बारिधारा डीओएचएस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दुर्गा पूजा समारोहों में भी भाग लिया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियों में शामिल होकर समुदाय के साथ उत्सव मनाया।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम

