Samachar Nama
×

भारत और शारजाह के बीच व्यापार व निवेश सहयोग मजबूत करने पर चर्चा

भारत और शारजाह के बीच व्यापार व निवेश सहयोग मजबूत करने पर चर्चा
भारत और शारजाह के बीच व्यापार व निवेश सहयोग मजबूत करने पर चर्चा

दुबई, 23 सितंबर (आईएएनएस)। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने बुधवार को शारजाह पोर्ट्स, कस्टम्स एंड फ्री ज़ोन्स अथॉरिटी के चेयरमैन शेख खालिद बिन अब्दुल्ला बिन सुल्तान अल कासिमी से मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग, व्यापार और निवेश को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि बैठक में भारत-शारजाह संबंधों को और सशक्त बनाने के लिए व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इससे पहले मंगलवार को महावाणिज्य दूत डॉ. रेड्डी ने यूएई सुप्रीम काउंसिल के सदस्य और रस अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सकर अल कासिमी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, कारोबार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, डॉ. रेड्डी ने रस अल खैमाह में भारतीय समुदाय को लगातार मिल रहे सहयोग के लिए शेख सऊद का आभार व्यक्त किया और भारत तथा रस अल खैमाह के बीच घनिष्ठ संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

रस अल खैमाह दौरे के दौरान डॉ. रेड्डी ने रस अल खैमाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निदेशक मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद मोसब्बेह अल नुआइमी से भी मुलाकात की। बैठक में भारत-यूएई आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने तथा दोनों देशों के कारोबारी समुदायों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

इसके अलावा महावाणिज्य दूत ने रस अल खैमाह इकोनॉमिक ज़ोन के मुख्य रणनीति अधिकारी पुनीत जैन और रणनीतिक साझेदारी प्रबंधक मोहम्मद अल बलूशी के साथ भी बैठक की। इस दौरान भारत और रस अल खैमाह के बीच आर्थिक एवं कारोबारी संबंधों को और सशक्त बनाने से जुड़े साझा हितों और सहयोग के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags