Samachar Nama
×

रियाद में भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी पर मंथन, राजदूत सुहेल खान ने गवर्नर प्रिंस फैसल से की विदाई मुलाकात

रियाद में भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी पर मंथन, राजदूत सुहेल खान ने गवर्नर प्रिंस फैसल से की विदाई मुलाकात
रियाद में भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी पर मंथन, राजदूत सुहेल खान ने गवर्नर प्रिंस फैसल से की विदाई मुलाकात

रियाद, 25 जून (आईएएनएस)। भारत के सऊदी अरब में निवर्तमान राजदूत सुहेल खान ने गुरुवार को रियाद के गवर्नर प्रिंस फैसल बिन बंदर बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से मुलाकात की और भारत-सऊदी अरब के लगातार मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, “राजदूत डॉ. सुहेल खान ने आज रियाद स्थित इमाराह में रियाद के गवर्नर महामहिम प्रिंस फैसल बिन बंदर बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से विदाई मुलाकात की।”

दूतावास ने बताया, “राजदूत ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए का आभार व्यक्त किया। साथ ही सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनके लगातार सहयोग और देखभाल के लिए भी धन्यवाद दिया।”

राजदूत सुहेल खान का कार्यकाल जल्द समाप्त होने वाला है। इसी बीच विदेश मंत्रालय (एमईए) ने घोषणा की है कि 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी विपुल को सऊदी अरब में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।

बुधवार को राजदूत खान ने सऊदी रक्षा मंत्रालय के जनरल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इयाद अब्दुलमालिक अलअलशेख से भी मुलाकात की। दोनों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में कहा, “राजदूत डॉ. सुहेल अजाज खान ने सऊदी रक्षा मंत्रालय के जनरल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इयाद अब्दुलमालिक अलअलशेख से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने और नए सहयोगी क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा हुई। यह बातचीत भारत और सऊदी अरब की रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने, नए अवसर तलाशने और आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

इस बीच, जेद्दा में भारत के कॉन्सुल जनरल, फहद अहमद सूरी और सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की मदीना शाखा के महानिदेशक इब्राहिम बिन सईद अल-सुभी ने भी बुधवार को मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने भारत-सऊदी अरब संबंधों को और मजबूत बनाने, प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों तथा आपसी हित के अन्य विषयों पर चर्चा की।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story

Tags