Samachar Nama
×

सरकार ने पीएनजी अपनाने की अपील की, रसोई गैस आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आने का दिया भरोसा

सरकार ने पीएनजी अपनाने की अपील की, रसोई गैस आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आने का दिया भरोसा
सरकार ने पीएनजी अपनाने की अपील की, रसोई गैस आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आने का दिया भरोसा

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देशभर में रसोई ईंधन की आपूर्ति निर्बाध बनी रहेगी और जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क उपलब्ध है, वहां चरणबद्ध तरीके से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) से पीएनजी में बदलाव किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

एक आधिकारिक बयान में सरकार ने कहा कि यह बदलाव 24 मार्च 2026 को जारी नियंत्रण आदेश और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू करने के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (ओएमसी) और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियां मिलकर काम कर रही हैं।

बयान में बताया गया कि उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन मिलने तक तथा संक्रमण की 90 दिन की अवधि के दौरान एलपीजी की आपूर्ति जारी रखी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी परिवार की रसोई गैस आपूर्ति बाधित न हो।

सरकार ने कहा, "देशभर के परिवार एलपीजी से पाइप्ड नेचुरल गैस की ओर सहज और निर्बाध बदलाव की उम्मीद कर सकते हैं। पीएनजी कनेक्शन चालू होने तक एलपीजी आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार का अंतराल नहीं झेलना पड़ेगा।"

बयान के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के क्षेत्र में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है और जिन्हें उनकी ऑयल मार्केटिंग कंपनी तथा संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की ओर से सूचना प्राप्त हुई है, उन्हें पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना आवश्यक होगा।

सरकार ने कहा कि यदि कोई पात्र उपभोक्ता सूचना मिलने के 90 दिनों के भीतर आवेदन नहीं करता है, तो निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उसकी एलपीजी आपूर्ति बंद की जा सकती है।

पीएनजी के लाभों का उल्लेख करते हुए सरकार ने कहा कि यह ईंधन पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहता है। इसके लिए एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी या बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा मिलती है।

सरकार का मानना है कि पीएनजी के व्यापक उपयोग से घरेलू प्राकृतिक गैस संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा, आयातित ईंधनों पर निर्भरता कम होगी और देश का ऊर्जा तंत्र अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय तथा आत्मनिर्भर बनेगा।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस बदलाव की प्रक्रिया को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें, संबंधित कंपनियों से प्राप्त आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें और ईंधन आपूर्ति में किसी भी संभावित व्यवधान से बचने के लिए जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags