Samachar Nama
×

श्रीलंका के जिला अस्पताल के लिए भारत ने आरओ वाटर प्लांट की सौगात दी

श्रीलंका के जिला अस्पताल के लिए भारत ने आरओ वाटर प्लांट की सौगात दी
श्रीलंका के जिला अस्पताल के लिए भारत ने आरओ वाटर प्लांट की सौगात दी

कोलंबो, 29 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका में भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैत्रेयी कुलकर्णी ने शनिवार को मोनारागला जिला सामान्य अस्पताल में एक आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्रीलंका के व्यापार, वाणिज्य, खाद्य सुरक्षा और सहकारी विकास उपमंत्री आरएम जयवर्धने भी उपस्थित रहे।

श्रीलंका के हंबनटोटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह संयंत्र भारत की जनता की ओर से एक उपहार है। इससे अस्पताल के मरीजों, आगंतुकों और कर्मचारियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही यह स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत और श्रीलंका के विकास सहयोग को और मजबूत करेगा।

इससे पहले गुरुवार को कार्यवाहक उच्चायुक्त मैत्रेयी कुलकर्णी ने दक्षिणी प्रांत के राज्यपाल प्रोफेसर सुसिरिपाला मानवाडु से मुलाकात की। बैठक में भारत-श्रीलंका के बीच चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा हुई, खासकर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने वाले कार्यक्रमों पर।

वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर बताया कि दोनों पक्षों ने दक्षिणी प्रांत में चल रही भारत-श्रीलंका साझेदारी की विभिन्न पहलों की समीक्षा की और सहयोग के नए अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।

इस बीच, शुक्रवार को श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने नई दिल्ली में आयोजित भारत-श्रीलंका फाउंडेशन की 41वीं बोर्ड बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस बैठक में भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त माहिशिनी कोलोन भी शामिल हुईं।

संतोष झा ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में बोर्ड सदस्य मोहन कुमार, अशोक मलिक और प्रसाद करियावासम भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बैठक में फाउंडेशन की गतिविधियों की समीक्षा की गई और शिक्षा, संस्कृति, विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा अन्य क्षेत्रों में भारत-श्रीलंका संबंधों को और मजबूत करने के लिए नए परियोजना प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags