Samachar Nama
×

भारत और ईरान सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमत, फिल्म संस्थानों के बीच होगा आदान-प्रदान

भारत और ईरान सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमत, फिल्म संस्थानों के बीच होगा आदान-प्रदान
भारत और ईरान सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमत, फिल्म संस्थानों के बीच होगा आदान-प्रदान

तेहरान, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और ईरान ने शनिवार को सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। खास तौर पर उन ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों पर जोर दिया गया, जो सदियों से दोनों देशों को जोड़ते रहे हैं।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बताया क‍ि यह चर्चा ईरान में भारत के राजदूत विश्वेश नेगी और ईरान के उप संस्कृति मंत्री तथा ईरानी सिनेमा संगठन के अध्यक्ष राएद फरीदजादेह के बीच हुई बैठक में हुई। बैठक के दौरान सिनेमा के क्षेत्र में सहयोग को प्रमुख विषय के रूप में चुना गया।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-ईरान सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के कई रास्तों पर विचार किया। इसमें दोनों देशों के प्रमुख फिल्म संस्थानों के बीच ज्यादा संस्थागत आदान-प्रदान, संयुक्त फिल्म परियोजनाएं और तकनीकी और पेशेवर प्रशिक्षण कार्यक्रमों जैसे विषयों पर खास चर्चा हुई।

इससे पहले, 21 नवंबर को भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच के दौरान ईरान की इस्लामिक कल्चर एंड रिलेशंस ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष मोहम्मद मेहदी इमानीपौर से मुलाकात की थी।

बैठक में शेखावत ने भारत में फारसी भाषा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत में ईरानी दूतावास की ओर से आयोजित फिल्म महोत्सवों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की।

ईरानी दूतावास ने बताया कि‍ शेखावत ने कहा कि भारत, ईरान के साथ सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में रुचि रखता है। उन्होंने पांडुलिपियों के क्षेत्र में ईरानी सांस्कृतिक संस्थानों के साथ सहयोग की इच्छा भी जताई।

इसके अलावा, 20 नवंबर को मोहम्मद महदी इमानीपौर ने नई दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया था। वहां उन्होंने मंदिर के प्रशासन प्रमुख ज्ञानमुनिदास स्वामी से मुलाकात की। इस मुलाकात को अंतरधार्मिक संवाद और भारत-ईरान के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।

भारत और ईरान के बीच सदियों से सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता रहा है। फारसी भाषा, साहित्य, कला और वास्तुकला का भारत की सांस्कृतिक विरासत पर गहरा प्रभाव रहा है, जिसकी झलक आज भी देश के कई हिस्सों में देखने को मिलती है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags