Samachar Nama
×

दुनिया की 'कनेक्टर इकोनॉमी' बन सकता है भारत: आनंद महिंद्रा

दुनिया की 'कनेक्टर इकोनॉमी' बन सकता है भारत: आनंद महिंद्रा
दुनिया की 'कनेक्टर इकोनॉमी' बन सकता है भारत: आनंद महिंद्रा

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा है कि आज के दौर में जब दुनिया भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं (सप्लाई चेन) के बिखराव का सामना कर रही है, भारत के पास दुनिया की 'कनेक्टर इकोनॉमी' बनने का सुनहरा अवसर है। उनका मानना है कि भारत वैश्विक बाजारों, सप्लाई चेन और अलग-अलग भू-राजनीतिक समूहों के बीच भरोसेमंद कड़ी की भूमिका निभा सकता है।

सोमवार को शेयरधारकों के नाम लिखे अपने पत्र में आनंद महिंद्रा ने कहा कि भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति, रणनीतिक भौगोलिक स्थान और दुनिया में लगातार बढ़ती विश्वसनीयता उसे उभरती वैश्विक आर्थिक व्यवस्था के केंद्र में ला रही है।

उन्होंने लिखा, "भारत की आर्थिक ताकत, रणनीतिक स्थिति और बढ़ती वैश्विक साख उसे नई विश्व व्यवस्था के केंद्र में स्थापित कर रही है।"

महिंद्रा समूह की वार्षिक रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने इतिहास का सबसे बेहतरीन वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है।

कंपनी ने बताया कि इस दौरान उसने अब तक का सबसे अधिक समेकित (कंसोलिडेटेड) राजस्व और मुनाफा हासिल किया। साथ ही एसयूवी, ट्रैक्टर, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और कई उभरते कारोबारी क्षेत्रों में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत किया।

महिंद्रा समूह के अनुसार, यह रिकॉर्ड प्रदर्शन उसके विविध कारोबार (डाइवर्सिफाइड बिजनेस पोर्टफोलियो) और सभी क्षेत्रों में अनुशासित कार्यान्वयन (एक्जीक्यूशन) का परिणाम है।

महिंद्रा समूह के ग्रुप सीईओ और प्रबंध निदेशक डॉ. अनीश शाह ने अपने पत्र में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी की भविष्य की विकास रणनीति का प्रमुख आधार बनने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि समूह अपने विभिन्न कारोबारों में एआई का तेजी से इस्तेमाल बढ़ा रहा है, जिसके जरिए संचालन को अधिक कुशल बनाया जा रहा है, बेहतर निर्णय लेने में मदद मिल रही है और ग्राहकों के अनुभव को भी बेहतर किया जा रहा है।

डॉ. शाह ने कहा कि महिंद्रा उन चुनिंदा भारतीय कंपनियों में शामिल है, जो एआई को केवल किसी एक विभाग तक सीमित रखने के बजाय पूरे संगठन में बड़े पैमाने पर लागू कर रही हैं।

महिंद्रा समूह ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में यह भी बताया कि बीते वर्ष उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण सम्मान मिले।

कंपनी को टाइम की 'विश्व की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों' की सूची में स्थान मिला, जबकि इंडिया बिजनेस लीडरशिप अवार्ड्स में उसे 'वर्ष की उत्कृष्ठ कंपनी' का सम्मान भी प्राप्त हुआ।

इसके अलावा, कंपनी के इनोवेशन पोर्टफोलियो का भी लगातार विस्तार हुआ है। महिंद्रा समूह ने बताया कि उसके पास अब 1,300 से अधिक पेटेंट हैं, जो अनुसंधान, तकनीक और नए उत्पादों के विकास पर उसके मजबूत फोकस को दर्शाते हैं।

समूह का कहना है कि वह खुद को एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त, नवाचार-आधारित कंपनी के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags