Samachar Nama
×

भारत-भूटान ने सीमा समन्वय पर हुई प्रगति की समीक्षा की, संयुक्त कार्य योजना को दिया अंतिम रूप

भारत-भूटान ने सीमा समन्वय पर हुई प्रगति की समीक्षा की, संयुक्त कार्य योजना को दिया अंतिम रूप
भारत-भूटान ने सीमा समन्वय पर हुई प्रगति की समीक्षा की, संयुक्त कार्य योजना को दिया अंतिम रूप

थिम्पू, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भूटान के राष्ट्रीय भूमि आयोग के तहत गठित सर्वे ऑफ इंडिया और इंटरनेशनल बाउंड्रीज यूनिट के बीच एक संयुक्त तकनीकी बैठक हुई। भारतीय दूतावास की ओर से शुक्रवार को साझा जानकारी के अनुसार, बैठक में द्विपक्षीय सीमाओं के रखरखाव और समन्वय पर चल रहे कार्य की समीक्षा की गई।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सर्वे ऑफ इंडिया और इंटरनेशनल बाउंड्रीज, रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान के बीच 19-20 अगस्त 2026 को थिम्पू में एक संयुक्त तकनीकी बैठक आयोजित की गई। इसमें द्विपक्षीय सीमा के रखरखाव और समन्वय पर चल रहे कार्य, उभरती प्रौद्योगिकी के उपयोग की समीक्षा की गई और आगामी अवधि के लिए एक संयुक्त कार्य कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।"

पिछले हफ्ते, भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने अपनी पत्नी जेटसुन पेमा और भूटान इंडिया फ्रेंडशिप एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ इंडिया हाउस में मुलाकात की थी।

इस मुलाकात को लेकर दूतावास ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "थिम्पू, फुएंत्शोलिंग, समत्से, गेलेफू, नगांगलाम, समद्रुप जोंगखर चैप्टर के भूटान इंडिया फ्रेंडशिप एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आज इंडिया हाउस में मुलाकात की। इस मुलाकात में भूटान के महामहिम राजा और महामहिम आशी देकी यांगजोम ने शोभा बढ़ाई।"

दूतावास ने आगे कहा, "हम भारत और भूटान के बीच अनोखी दोस्ती और संबंधों के तहत लोगों और समुदाय-स्तर के संबंधों को मजबूत और गहरा करने के लिए संयुक्त प्रयासों की आशा करते हैं।"

यह बातचीत पिछले महीने विदेश सचिव विक्रम मिस्री की भूटान यात्रा के बाद हुई है। मिस्री की यात्रा के दौरान उन्होंने थिम्पू में भूटान के प्रधानमंत्री दशो शेरिंग टोबगे से मुलाकात की थी।

भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों ने विविध क्षेत्रों में भारत-भूटान सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों में स्वस्थ प्रगति और भूटान के विकास के लिए भारत के अटूट समर्थन के लिए अपनी सराहना व्यक्त की।

मिस्री ने यात्रा के दौरान राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक से भी मुलाकात की थी। बैठक के दौरान, भूटानी राजा ने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए भूटान के समर्थन को दोहराया।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने विकास साझेदारी, ऊर्जा, व्यापार और निवेश, कनेक्टिविटी, लोगों के बीच संबंधों और आपसी महत्व के अन्य क्षेत्रीय मुद्दों सहित द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की।

--आईएएनएस

केके/डीएससी

Share this story

Tags