Samachar Nama
×

भारत और यूएई के बीच 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक, सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर

भारत और यूएई के बीच 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक, सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर
भारत और यूएई के बीच 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक, सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर

अबू धाबी, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने गुरुवार को अबू धाबी में 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की बैठक आयोजित की। इस दौरान दोनों देशों ने बदलते वैश्विक हालात और मौजूदा 'न युद्ध, न शांति' जैसे सुरक्षा माहौल पर चर्चा की।

बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने ऐसे ठोस कदमों पर विचार किया, जिनके जरिए दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के विजन को जमीन पर उतारते हुए बेहतर सुरक्षा परिणाम हासिल किए जा सकें। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया।

रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जानकारी देते हुए बताया क‍ि भारत-यूएई जेडीसीसी की 14वीं बैठक अबू धाबी में आयोजित की गई, जिसने दोनों देशों की रणनीतिक रक्षा साझेदारी को नई गति दी। दोनों पक्षों ने उभरती भू-राजनीतिक परिस्थितियों और 'न युद्ध, न शांति' वाले सुरक्षा माहौल पर चर्चा की। साथ ही, नेतृत्व के विजन को वास्तविक सुरक्षा परिणामों में बदलने के लिए कार्ययोजना तय की गई।

राजेश कुमार सिंह दो दिन के दौरे पर यूएई पहुंचे हैं। बुधवार को उन्होंने अबू धाबी स्थित वहत अल करामा स्मारक पर जाकर यूएई की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले, 13वीं भारत-यूएई संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की बैठक 30 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में आयोजित हुई थी।

पिछले महीने भारत और यूएई ने उत्तराखंड के चौबटिया में संयुक्त सैन्य अभ्यास 'माउंटेन गार्जियन 2026' आयोजित किया था। भारतीय सेना के अनुसार, इस अभ्यास ने दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और मजबूत सैन्य सहयोग की प्रतिबद्धता को फिर से साबित किया।

अतिरिक्त महानिदेशालय जनसंपर्क (एडीजीपीआई) ने 'एक्‍स' पर बताया कि यह संयुक्त सैन्य अभ्यास 5 से 18 अक्टूबर तक चला। इसका समापन उत्तराखंड के विदेशी प्रशिक्षण केंद्र, चौबटिया में हुआ।

इस दौरान भारतीय सेना और यूएई सशस्त्र बलों के जवानों ने संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और फील्ड ट्रेनिंग में हिस्सा लिया। इसमें खास तौर पर आपसी तालमेल, ऑपरेशनल समन्वय और सब-कन्वेंशनल ऑपरेशन्स में लड़ाकू क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दिया गया।

भारतीय सेना के अनुसार, इस अभ्यास ने दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय, ऑपरेशनल क्षमता और लंबे समय तक सैन्य सहयोग को और मजबूत किया, जिससे भारत-यूएई रणनीतिक रक्षा साझेदारी को नई मजबूती मिली। सितंबर में भारत और यूएई के बीच अबू धाबी में 10वीं नेवी स्टाफ वार्ता भी आयोजित की गई थी। इस बैठक में दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण आदान-प्रदान, ऑपरेशनल सहयोग और पेशेवर संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags