एमईए के सचिव ने आइसलैंड संसद की स्पीकर से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा
रेक्जाविक, 24 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने मंगलवार को आइसलैंड की संसद की स्पीकर थोरुन स्वेनबजर्नडॉटिर से मुलाकात की और आपसी हितों के मुद्दों तथा संसदीय आदान-प्रदान पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा बयान में कहा, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने मंगलवार को आइसलैंड की संसद अल्थिंगी की अध्यक्ष थोरुन स्वेइनब्यार्नार्डोट्टिर से मुलाकात की।"
उन्होंने आगे कहा, "दोनों ने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय संबंधों में साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही संसदीय आदान-प्रदान के महत्व पर भी विचार किया।"
सोमवार को भारत और आइसलैंड ने रेक्जाविक में चौथी विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) बैठक आयोजित की, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा (विशेष रूप से भू-तापीय ऊर्जा), मत्स्य पालन और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
इस बैठक की सह-अध्यक्षता सिबी जॉर्ज और आइसलैंड के विदेश मंत्रालय में स्थायी सचिव मार्टिन एयोएल्फसन ने की।
रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "भारत-आइसलैंड के बीच चौथी विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) आज रेक्जाविक, आइसलैंड में आयोजित हुई। सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने विदेश मंत्रालय के स्थायी सचिव मार्टिन एयोएल्फसन के साथ इस बैठक की सह-अध्यक्षता की।"
उन्होंने आगे कहा, "दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की और व्यापार एवं निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा, मत्स्य पालन और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में इसे और मजबूत करने पर सहमति जताई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इंडिया-ईएफटीए-टीईपीए ने आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों में एक नया अध्याय खोला है और व्यावसायिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।"
22 मार्च को सिबी जॉर्ज ने आइसलैंड की विदेश मंत्री थोर्गरदुर कात्रिन गुनार्सडॉट्टिर से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय, क्षेत्रीय, तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के बाद, रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने आइसलैंड की विदेश मंत्री थोर्गरदुर कात्रिन गुनार्सडॉट्टिर से मुलाकात की। उन्होंने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ हाल के वर्षों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई सकारात्मक प्रगति, विशेषकर भू-तापीय, मत्स्य पालन और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर चर्चा की। इंडिया-ईएफटीए टीईपीए के क्रियान्वयन पर भी बातचीत हुई।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

