Samachar Nama
×

जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री की मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति

जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री की मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति
जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री की मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारत दौरे पर आए डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसन ने शनिवार को क्षेत्रीय, बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने भारत-डेनमार्क संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नई दिल्ली में आयोजित भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की 5वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों ने 'ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप' की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान पानी, शिपिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही अन्य कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी बात की गई।

सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट करते हुए जयशंकर ने कहा, "डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन के साथ एक उपयोगी संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता की। हमने भारत-डेनमार्क ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के तहत पानी, शिपिंग और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में हो रही प्रगति की समीक्षा की।"

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास, लोगों के बीच संपर्क, संस्कृति, व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ध्रुवीय क्षेत्र, अंतरिक्ष, औद्योगिक सहयोग और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की स्थिति का आकलन किया।

जयशंकर ने कहा, "हमने क्षेत्रीय, बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए और भारत-डेनमार्क संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।"

बैठक से पहले अपने उद्घाटन भाषण में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि 'ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप' भारत और डेनमार्क के रिश्तों की सबसे खास पहचान बन चुकी है। उन्होंने इस साल मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के बीच हुई मुलाकात का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, "हमारे प्रधानमंत्रियों की इस साल मई में तीसरे इंडिया-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। आज हमारे पास यह मौका है कि हम दोनों देशों के संबंधों और उन मुद्दों की प्रगति की समीक्षा करें जिन पर उस बैठक में चर्चा हुई थी।"

जयशंकर ने बताया कि 'ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप' डेनमार्क की तकनीकी क्षमताओं और भारत के बड़े पैमाने पर विकास की जरूरतों को साथ लाती है। पानी, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और ग्रीन शिपिंग जैसे क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग ने भी दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाया है। विदेश मंत्री ने कहा कि विकसित भारत (विकसित भारत 2047) के लक्ष्य को हासिल करने में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण साझेदार है। उन्होंने बताया कि भारत अपनी कई राष्ट्रीय योजनाओं में डेनमार्क के साथ मिलकर काम कर रहा है।

उन्होंने डेनिश कंपनियों के भारत में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को और बढ़ावा दिया जाना चाहिए। साथ ही सरकारों को कारोबार से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "आज जब हम अपने संबंधों की समीक्षा कर रहे हैं, तो मैं विशेष रूप से रक्षा और सुरक्षा, उभरती तकनीकों, अंतरिक्ष, शिक्षा, कौशल विकास और लोगों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करना चाहता हूं।"

इस बैठक ने भारत और डेनमार्क के बीच बढ़ते सहयोग को नई दिशा देने और दोनों देशों के रिश्तों को और गहरा करने की साझा इच्छा को एक बार फिर स्पष्ट किया।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags