Samachar Nama
×

भारतीय विमान कंपनियों ने सुरक्षा चिंताओं के चलते 17 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें रद्द कीं

भारतीय विमान कंपनियों ने सुरक्षा चिंताओं के चलते 17 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें रद्द कीं
भारतीय विमान कंपनियों ने सुरक्षा चिंताओं के चलते 17 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें रद्द कीं

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर ने सऊदी अरब की बदलती सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए मंगलवार को दमाम, जेद्दा और रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों को 17 अक्टूबर तक निलंबित कर दिया।

एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट की तारीख बदलने या उड़ान रद्द कराने की स्थिति में पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जा रहा है।

एयरलाइंस ने बताया कि परिचालन को लेकर आगे कोई फैसला लेने से पहले वह घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रही है।

वहीं, इंडिगो ने सोशल मीडिया पर कहा कि ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी उड़ान का स्टेटस चेक कर लें। बुकिंग के समय दी गई कॉन्टैक्ट डिटेल्स पर समय-समय पर अपडेट भेजे जा रहे हैं। हमारी सपोर्ट टीम किसी भी सवाल या चिंता में मदद के लिए उपलब्ध है।

सऊदी अरब में हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं, जिससे भारत के साथ-साथ कई अन्य देशों की एयरलाइंस को भी अपनी उड़ानों को निलंबित करना पड़ा है।

इन घटनाक्रमों के चलते एयरलाइंस को अपने परिचालन की दोबारा समीक्षा करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए कदम उठाने पड़े हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में एयर इंडिया ने सऊदी अरब की राजधानी के हवाई अड्डे पर यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बार-बार हमलों के बाद रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 15 अक्टूबर तक बढ़ा दिया था।

ताजा हमलों से पूरे क्षेत्र में उड़ानों का व्यवधान और बढ़ गया है। ईरान और अमेरिका से जुड़े व्यापक संघर्ष के कारण बढ़े तनाव के बीच एयरलाइंस लगातार अपने उड़ान कार्यक्रम में बदलाव कर रही हैं।

हमलों और उसके बाद उत्पन्न सुरक्षा खतरों को देखते हुए सऊदी अधिकारियों ने फिलहाल रियाद हवाई अड्डे को बंद रखा है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags