राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 4-5 दिन तक बदला रहेगा मौसम
जयपुर, 30 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई संभागों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा मौसम प्रणाली के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
आईएमडी के अनुसार वर्तमान मौसम गतिविधियों के पीछे कई वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है, जो समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके साथ ही मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बना हुआ है।
शनिवार सुबह से ही श्रीगंगानगर और उदयपुर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। श्रीगंगानगर में सुबह करीब 11 बजे धूलभरी आंधी चली, जिससे शहर के कई हिस्सों में धूल का गुबार छा गया। कुछ स्थानों पर रेत के बवंडर जैसे हालात भी बने। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली।
शुक्रवार को पूर्वोत्तर राजस्थान के कई जिलों में हुई बारिश और आंधी के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई।
--आईएएनएस
डीएससी

