Samachar Nama
×

राजस्थान में पुलिस का बड़ा अभियान, 727 जगहों पर नाकाबंदी कर हजारों वाहनों की जांच

जयपुर, 13 मई (आईएएनएस)। राजस्थान पुलिस ने राज्यभर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर नजर रखने के लिए पिछले सप्ताह बड़ा नाकाबंदी और विशेष जांच अभियान चलाया।
राजस्थान में पुलिस का बड़ा अभियान, 727 जगहों पर नाकाबंदी कर हजारों वाहनों की जांच

जयपुर, 13 मई (आईएएनएस)। राजस्थान पुलिस ने राज्यभर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर नजर रखने के लिए पिछले सप्ताह बड़ा नाकाबंदी और विशेष जांच अभियान चलाया।

यह दो दिवसीय विशेष अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाया गया। अभियान राजस्थान के कई पुलिस रेंज में एक साथ संचालित किया गया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वीके सिंह ने बताया कि पहले दिन बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज में अभियान चलाया गया, जबकि दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने 727 जगहों पर नाकाबंदी की और वाहनों व संदिग्ध लोगों की व्यापक जांच की।

अधिकारियों के मुताबिक, अभियान में कुल 16,676 दोपहिया और 18,795 चारपहिया वाहनों की जांच की गई।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा, हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों के खिलाफ 1,173 चालान काटे गए, जबकि सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1213 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।

ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वाले 75 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने गैर-मानक नंबर प्लेट और काली फिल्म लगे वाहनों पर भी कार्रवाई की। गलत या पढ़ने में मुश्किल नंबर प्लेट के 857 मामले दर्ज किए गए, जबकि काली फिल्म या टिंटेड शीशों के 739 मामले सामने आए।

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 2,856 मामले दर्ज किए गए। इस तरह अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के कुल 7,185 मामले दर्ज हुए।

रेंजवार आंकड़ों में सबसे ज्यादा 1,633 मामले जोधपुर रेंज में दर्ज किए गए। उदयपुर रेंज में 1,583, जयपुर में 1,094, बीकानेर में 954, भरतपुर में 986 और कोटा में 935 मामले दर्ज हुए।

ट्रैफिक कार्रवाई के अलावा पुलिस ने अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, अवैध शराब और अवैध खनन के खिलाफ भी अभियान चलाया।

पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 53 एफआईआर दर्ज कीं, जबकि आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 10-10 एफआईआर दर्ज की गईं।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत आठ वाहन जब्त किए गए।

अभियान के दौरान विभिन्न मामलों और एफआईआर में 89 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 161 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया।

कोटा रेंज में पुलिस ने अवैध धारदार हथियारों से जुड़े छह मामले दर्ज किए और करीब 200 लीटर देसी शराब जब्त की।

अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने करीब 75 टन काली बजरी के साथ चार डंपर, चार ट्रैक्टर, तीन पिकअप वाहन और तीन ट्रेलर जब्त किए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक नियमों के पालन और जनता की सुरक्षा मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी पूरे राजस्थान में जारी रहेंगे।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags