Samachar Nama
×

आईआईटी-रुड़की के बीटेक छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

आईआईटी-रुड़की के बीटेक छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
आईआईटी-रुड़की के बीटेक छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

रुड़की, 13 नवंबर (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) रुड़की में बीटेक के सेकेंड ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से संस्थान परिसर में चिंता फैल गई है। छात्र का शव गोविंद भवन हॉस्टल के उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले आयुष राजोरिया के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने जीवन से हताश होने और जिंदगी का आनंद न ले पाने की बात लिखी है।

शुक्रवार तड़के करीब 1 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गोविंद भवन हॉस्टल के एक कमरे में छात्र ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट अपनी पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे।

कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे तोड़ा गया। अंदर जाने पर पुलिस को आयुष का शव छत के पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला।

पुलिस ने शव को नीचे उतारा, उसे अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया।

जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। नोट में छात्र ने जीवन से हताश होने और जिंदगी में कोई खुशी न ढूंढ पाने का जिक्र किया है। हालांकि, उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

सुसाइड नोट से संकेत मिलता है कि छात्र मानसिक परेशानी से जूझ रहा होगा। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की सटीक वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags