'सरकार की छवि खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं', आबकारी अधिकारियों को सीएम डीके शिवकुमार की चेतावनी
बेंगलुरु, 26 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे सरकार की छवि खराब करने की कोशिश करेंगे तो सरकार चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिससे आबकारी विभाग के अधिकारियों का दूसरे विभागों में भी तबादला किया जा सके।
गौरतलब है कि राज्यभर में छापेमारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि कर्नाटक का आबकारी विभाग रिश्वत वसूली के लिए एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहा था, जिसमें सरकारी अधिकारी, उनके सहयोगी और कुछ निजी लोग शामिल थे।
विधान सौधा में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर आप सम्मान के साथ काम करेंगे तो सरकार की प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। अगर आप ऐसा कोई काम करेंगे, जिससे सरकार की छवि खराब हो, तो हम चुपचाप नहीं बैठेंगे। यह मत सोचिए कि आबकारी विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों का दूसरे विभागों में तबादला नहीं किया जा सकता। जरूरत पड़ी तो इसके लिए जरूरी कानूनी बदलाव भी किए जाएंगे। मैं आपको पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का स्पष्ट निर्देश दे रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं किसी भी ऐसे व्यक्ति या कोशिश को बर्दाश्त नहीं करूंगा, जिससे सरकार की बदनामी हो। विभाग में एआईबी प्रणाली लागू होने के बाद उम्मीद के मुताबिक प्रगति हुई है। 574 नए लाइसेंस ई-नीलामी के जरिए जारी करने का फैसला लिया गया है। लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क दो किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी जाएगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने देखा है कि पड़ोसी राज्यों में यह विभाग किस तरह काम कर रहा है। हमें अपने विभाग के लिए तय किए गए लक्ष्य को हासिल करने की पूरी कोशिश करनी होगी। अगर आप ईमानदारी और सम्मान के साथ काम करेंगे तो विभाग की प्रतिष्ठा बनी रहेगी। विभाग की प्रतिष्ठा बनी रहेगी तो सरकार की छवि भी मजबूत होगी। ऐसा पेशेवर रवैया अपनाइए, जिससे सरकार की साख बढ़े। अन्यथा सख्त कार्रवाई करना जरूरी हो जाएगा।"
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

