Samachar Nama
×

हैदराबाद के बालापुर गणेश लड्डू ने बनाया रिकॉर्ड, नीलामी में 39 लाख रुपए में बिका

हैदराबाद के बालापुर गणेश लड्डू ने बनाया रिकॉर्ड, नीलामी में 39 लाख रुपए में बिका
हैदराबाद के बालापुर गणेश लड्डू ने बनाया रिकॉर्ड, नीलामी में 39 लाख रुपए में बिका

हैदराबाद, 25 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद के प्रसिद्ध बालापुर गणेश लड्डू की शुक्रवार को रिकॉर्ड 39 लाख रुपए में नीलामी हुई। हैदराबाद के कारोबारी एस. प्रणीत रेड्डी ने इस साल 21 किलो के लड्डू को खुली नीलामी में खरीदा।

यह नीलामी हैदराबाद के दक्षिणी इलाके में स्थित बालापुर से पारंपरिक गणेश विसर्जन यात्रा शुरू होने से पहले आयोजित की गई।

पिछले साल बालापुर गणेश लड्डू की नीलामी 35 लाख रुपए में हुई थी। लड्डू की खुली नीलामी में आठ लोगों ने हिस्सा लिया। मान्यता है कि बालापुर गणेश का यह लड्डू सौभाग्य और समृद्धि लेकर आता है।

बालापुर गांव में हर साल होने वाली इस लड्डू की नीलामी के साथ ही गणेश विसर्जन यात्रा की शुरुआत होती है। यह यात्रा शहर के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए हुसैन सागर झील तक पहुंचती है।

बालापुर के गणेश उत्सव में इस लड्डू का विशेष महत्व है। आयोजकों के मुताबिक, बालापुर गणेश उत्सव का इतिहास 45 साल पुराना है, लेकिन लड्डू की नीलामी की परंपरा 1994 में शुरू हुई थी।

बालापुर गणेश उत्सव समिति के मुताबिक, 1994 में पहली बार लड्डू की नीलामी हुई थी और तब यह सिर्फ 450 रुपए में बिका था।

1994 की पहली नीलामी में कोलानु मोहन रेड्डी ने लड्डू खरीदा था। इसके बाद लगातार पांच वर्षों तक उन्होंने ही इसकी बोली जीती। उनका दावा था कि लड्डू की बोली जीतने के बाद उन्हें समृद्धि मिली। इसके बाद बालापुर गणेश लड्डू की लोकप्रियता और बढ़ गई।

तब से इस लड्डू की लोकप्रियता के साथ-साथ इसकी कीमत भी लगातार बढ़ती गई। मान्यता है कि यह लड्डू इसे खरीदने वाले के लिए समृद्धि लेकर आता है। इसी वजह से हर साल कारोबारी और राजनेता इसकी नीलामी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

नीलामी में लड्डू खरीदने वाले लोग इसके टुकड़े अपने परिवार और दोस्तों के बीच बांटते हैं। इसके अलावा लड्डू के कुछ हिस्से को अपने खेतों, कारोबारी प्रतिष्ठानों और घरों में भी छिड़कते हैं।

आयोजकों ने शुरुआत के 15 वर्षों तक नीलामी में केवल स्थानीय लोगों को हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। बाद में दूसरे इलाकों के लोगों को भी इसमें शामिल होने की अनुमति दी गई।

बालापुर गणेश उत्सव समिति अब तक 31 बार लड्डू की नीलामी आयोजित कर चुकी है। कोरोना महामारी के कारण 2020 में नीलामी नहीं हुई थी। उस समय आयोजकों ने यह लड्डू तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को भेंट किया था।

साल 2024 में कोलानु शंकर रेड्डी ने बालापुर गणेश लड्डू को 30.01 लाख रुपए में खरीदा था, जबकि पिछले साल लिंगाला दशरथ गौड़ ने इसकी सबसे ऊंची बोली लगाकर लड्डू खरीदा था।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags