हैदराबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 टन बासी मांस जब्त
हैदराबाद, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए हैदराबाद पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भेड़ और बकरियों का करीब 12 टन बासी मांस (ऑफल) जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
कमिश्नर टास्क फोर्स की गोलकोंडा टीम ने एच-फास्ट टीम और मंगलहाट पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए मंगलहाट स्थित एक गोदाम पर छापा मारा और मैनेजर रफी अहमद को गिरफ्तार किया।
हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम का गठन हाल ही में पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार के नेतृत्व में किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ए. श्रीनिवास राव के अनुसार, दुकान का मालिक मोहम्मद अफरोज फिलहाल फरार है।
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए मांस में पाया, सिर, दिमाग, किडनी और लीवर शामिल हैं। आरोपी सस्ते दामों पर थोक बाजार से बासी और खराब मांस खरीदकर उसे लंबे समय तक डीप फ्रीजर और गंदे पानी से भरे प्लास्टिक टब में स्टोर करता था। इसके बाद इसे शादी समारोह, कार्यक्रमों और होटलों में बेचा जाता था, जिससे लोगों की जान को खतरा था।
इस मामले में मंगलहाट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 271, 318(2) और 112 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में टास्क फोर्स की गोलकोंडा टीम ने तप्पाचबुत्रा पुलिस के साथ मिलकर झिर्रा के नटराज नगर स्थित एक बेकरी पर छापा मारा। यहां बिना लाइसेंस के अस्वच्छ परिस्थितियों में बेकरी उत्पाद बनाए जा रहे थे।
पुलिस ने सैयद खदीर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया और करीब 2.77 लाख रुपये का सामान जब्त किया, जिसमें मैदा, डालडा, चीनी, नारियल पाउडर और केक पाउडर शामिल हैं।
इस मामले में तप्पाचबुत्रा थाने में बीएनएस की धारा 274, 275 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने गुरुवार को फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के साथ बैठक कर सख्त चेतावनी दी कि व्यक्तिगत लाभ के लिए लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खाद्य मिलावट समाज पर हमला है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मांस, डेयरी, बेकरी, अदरक-लहसुन पेस्ट, चाय पाउडर समेत विभिन्न क्षेत्रों के करीब 200 कारोबारी शामिल हुए।
सज्जनार ने बताया कि पिछले एक महीने में शहर में 92 मामले दर्ज किए गए, जिनमें करीब 62 टन मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और 98 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने सभी कारोबारियों को सलाह दी कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें और खाद्य गुणवत्ता से कोई समझौता न करें। साथ ही, हर फूड बिजनेस ऑपरेटर के लिए एफएसएसएआई लाइसेंस अनिवार्य बताया और मिलावट की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।
--आईएएनएस
डीएससी

