Samachar Nama
×

इटली में 300 स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अफरा-तफरी के बीच खाली कराई गईं इमारतें

इटली में 300 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अफरा-तफरी के बीच खाली कराई गईं इमारतें
इटली में 300 स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अफरा-तफरी के बीच खाली कराई गईं इमारतें

रोम, 11 नवंबर (आईएएनएस)। इटली में बुधवार को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सैकड़ों स्कूलों को खाली कराया गया। यह धमकी एक ईमेल के जरिए कई स्कूलों के प्रशासन को भेजी गई। इस घटना से देशभर में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सरकारी समाचार चैनल 'राई न्यूज 24' के मुताबिक, देशभर के कई स्कूलों के प्रशासन को ईमेल के जरिए बस धमकी की सूचना भेजी गई। इतालवी टीवी चैनल 'ला7' ने इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा के हवाले से बताया कि 300 स्कूल इस धमकी से प्रभावित हुए हैं और यह संख्या बढ़ भी सकती है। इनमें रोम, मिलान, फ्लोरेंस और अन्य बड़े शहरों के स्कूल भी शामिल हैं।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और 'काराबिनिएरी' (इटली की सैन्य पुलिस) ने बम निरोधक विशेषज्ञों के साथ सुरक्षा जांच शुरू कर दी। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल में धमकी को सही साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। फिर भी एहतियात के तौर पर छात्रों और शिक्षकों को घर भेज दिया गया।

समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हालात की समीक्षा के लिए स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे आपात कैबिनेट बैठक बुलाई। 'ला रिपब्लिका' की र‍िपोर्ट के अनुसार, धमकी भरा ईमेल रोम प्रांत के कम से कम 12 स्कूलों, जिनमें प्राथमिक स्कूल और नर्सरी भी शामिल हैं, को भेजा गया था। इसी तरह मिलान और आसपास के लोम्बार्डी क्षेत्र के 12 स्कूलों तथा नेपल्स और कैंपनिया क्षेत्र के 12 स्कूलों को भी यह ईमेल मिला। इसके अलावा ट्यूरिन, सैनरेमो, विसेंजा, बारी, कैग्लियारी और पालेर्मो के स्कूलों को भी निशाना बनाया गया।

'ला रिपब्लिका' ने एक स्कूल के स्टाफ द्वारा उपलब्ध कराए गए ईमेल की प्रति प्रकाशित की है, जिसमें लिखा था, "मैं मिखाइल एंड्रोपोव हूं, विलायत मिसोगिनिस्तान का नेता। हम तुम्हें खत्म करने आए हैं। हम इटालियनों के खिलाफ नरसंहार करेंगे।"

ईमेल में यह भी दावा किया गया था कि हर निशाना बनाए गए स्कूल में एक 'शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण' रखा गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि शिक्षा मंत्री की कार में भी बम लगाया गया है।

इटली की समाचार एजेंसी एएनएसए के अनुसार, पुलिस इस ईमेल के स्रोत और इसकी सच्चाई की जांच कर रही है। फिलहाल 'विलायत मिसोगिनिस्तान' नामक संगठन के बारे में सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी उपलब्ध है। लाजियो क्षेत्र के स्कूल प्रमुखों के संघ की अध्यक्ष क्रिस्टीना कोस्टारेली ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह किसी सनकी व्यक्ति की हरकत हो सकती है, लेकिन इससे लोगों में काफी डर और चिंता फैल गई है।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह किसी भ्रमग्रस्त व्यक्ति का काम है, लेकिन इसने लोगों में डर पैदा कर दिया है और बेवजह घबराहट का माहौल बना दिया है।"

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags