हावड़ा होटल पर छापा: सीबीआई ने रिश्वत मामले में 2 सरकारी कर्मचारियों समेत 4 को किया गिरफ्तार
हावड़ा, 15 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित एक होटल में 4 लाख रुपए की रिश्वत के लेन-देन के मामले में लखनऊ स्थित संस्था के दो सरकारी कर्मचारियों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में लखनऊ अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) के उप निदेशक आशुतोष कुमार और आरडीएसओ के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता दीपक कुमार शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि अन्य दो आरोपियों की पहचान कोलकाता स्थित निजी कंपनी उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों के रूप में हुई है।
सीबीआई ने गिरफ्तार किए गए दो निजी व्यक्तियों की पहचान शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार राय के रूप में की है।
सीबीआई ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन पर आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों ने उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कोलकाता स्थित एक निजी कंपनी से अनुकूल संयंत्र एवं मशीनरी निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले अनुचित लाभ प्राप्त किया था।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर हावड़ा के एक होटल से आरोपी सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को निजी कंपनी के प्रतिनिधियों से 4 लाख रुपए की अवैध रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
सीबीआई ने बयान में कहा कि 4 लाख रुपए की रिश्वत के अलावा 4.73 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
बाद में, सीबीआई ने बताया कि कोलकाता, लखनऊ और बिहार में कई स्थानों पर आरोपियों के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई, जिसमें आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद कर जब्त किए गए।
सीबीआई ने कहा कि आरोपियों को हिरासत के लिए विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एक अलग मामले में, सीबीआई ने दक्षिण पूर्वी रेलवे के आद्रा डिवीजन के बोकारो स्थित भोजुडीह के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्र शेखर गुप्ता को 25,000 रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया।
सीबीआई को चंद्र शेखर गुप्ता के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि आरोप है कि आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने चिकित्सा अवकाश स्वीकृत कराने के बदले शिकायतकर्ता से 25,000 रुपए का अनुचित लाभ मांगा था।
सीबीआई ने जाल बिछाकर गुप्ता को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए का अनुचित लाभ लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई।
बयान में कहा गया है कि गुप्ता को धनबाद स्थित विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया जाएगा।
--आईएएनएस
एमएस/

