हूती का दावा, 'दिया जवाब, सऊदी रिफाइनरी पर किया ड्रोन हमला'
सना, 18 अगस्त (आईएएनएस)। यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी इलाके जजान में सऊदी अरामको की तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला किया है।
हूती के दावे पर सऊदी अधिकारियों या अरामको की तरफ से तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की गई, और हताहतों या नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
हूती संचालित सबा न्यूज एजेंसी के हवाले से समूह के एक सूत्र ने कहा कि कई ड्रोन ने रिफाइनरी को निशाना बनाया और हमला "अचूक" था।
सूत्र ने कहा कि यह हमला हूती के कब्जे वाले उत्तरी प्रांत सादा और हज्जाह के ऊपर "सऊदी के एयरस्पेस उल्लंघन" का जवाब था।
सिंहुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, मंगलवार की घोषणा जजान रिफाइनरी पर हमले को लेकर है। जबकि गुरुवार को, ग्रुप ने कहा था कि दो ड्रोन ने एक ही ठिकाने को निशाना बनाया था। इसके साथ ही सादा और हज्जाह के ऊपर सऊदी की कथित हवाई गतिविधि का भी जिक्र किया गया।
हाल ही में हूती ने यमन सरकार के कब्जे वाले इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। जिसमें रेड सी पोर्ट सिटी मोचा और तेल से भरपूर मारिब प्रांत शामिल हैं। इसके अलावा रेड सी और बाब अल-मंदाब में वाणिज्यिक जहाजों को भी निशाने पर लिया गया।
यमन 2014 के आखिर से ही संघर्ष में फंसा हुआ है। तब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना सहित उत्तरी यमन के ज्यादातर हिस्से पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के समर्थन में दखल दिया था।
यूएन मध्यस्थता से अप्रैल 2022 में लागू हुआ एक संघर्ष विराम छह महीने बाद बिना किसी औपचारिक विस्तार के खत्म हो गया था। हाल के महीनों में ईरान-यूएस संघर्ष बढ़ने के साथ ही यहां पर भी हमले बढ़े हैं।
--आईएएनएस
केआर/

