Samachar Nama
×

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक करेंगे अमित शाह, सीएम योगी सहित कई नेता होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक करेंगे अमित शाह, सीएम योगी सहित कई नेता होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक करेंगे अमित शाह, सीएम योगी सहित कई नेता होंगे शामिल

लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक करेंगे। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए भाजपा अपने संगठनात्मक कामकाज को तेज कर रही है।

इस बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसमें मुख्य रूप से पार्टी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने और पूरे राज्य में नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर जोर दिया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट से गुरुवार को इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसमें कहा गया, "केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल लखनऊ में उत्तर प्रदेश भाजपा की राज्य कार्यसमिति की बैठक करेंगे।"

इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, राज्य के वरिष्ठ नेता और राज्य कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से संगठनात्मक तैयारियों, पार्टी की चुनावी रणनीति और 2027 के विधानसभा चुनावों की योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

माना जा रहा है कि भाजपा अपने संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करेगी और चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के तरीकों पर विचार करेगी। पार्टी के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भाजपा यूपी में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना चाहती है और राज्य नेतृत्व तथा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना चाहती है।

संगठनात्मक गतिविधियों का जायजा लेने और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए अमित शाह विभिन्न क्षेत्रों के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक कर सकते हैं। इससे पहले गुरुवार को, भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत ने इस बैठक का स्वागत करते हुए कहा था कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन से लाभ मिलेगा।

प्रियंका सिंह रावत ने आईएएनएस से ​​कहा था, "कल भाजपा की राज्य कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। इसमें राज्य और केंद्र के अतिथि शामिल होंगे। मैं उन सभी का हार्दिक स्वागत करती हूं। हमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।"

पार्टी की संगठनात्मक प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए रावत ने कहा था कि नेतृत्व आगामी कार्यक्रमों को आयोजित करने और पार्टी की संगठनात्मक इकाइयों को मजबूत करने के संबंध में दिशा-निर्देश देगा। उन्होंने कहा था, "आगामी कार्यक्रमों को किस तरह से आयोजित करना है, इस बारे में दिए गए निर्देशों के आधार पर हम अपने बूथों, मंडलों और शक्ति केंद्रों को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story