Samachar Nama
×

अमेरिका में नवरात्रि के दौरान हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश की निंदा, संगठनों ने की सतर्क रहने की अपील

अमेरिका में नवरात्रि के दौरान हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश की निंदा, संगठनों ने की सतर्क रहने की अपील
अमेरिका में नवरात्रि के दौरान हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश की निंदा, संगठनों ने की सतर्क रहने की अपील

न्यूयॉर्क, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका में नवरात्रि के बीच एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर फायर‍िंग की साजिश सामने आने के बाद हिंदू और भारतीय संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने बढ़ती हिंदू-विरोधी घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई है।

बुधवार (स्थानीय समय) को अधिकारियों की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी की घोषणा के तुरंत बाद दो प्रमुख हिंदू संगठनों ने इन पवित्र दिनों के दौरान मंदिरों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की।

हिंदू मंदिर एम्पावरमेंट काउंसिल (एचएमईसी) ने मंदिरों और भक्तों से कहा कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

संगठन ने कहा, "जब हम प्रार्थना, उत्सव और सेवा के लिए एक साथ आते हैं, तो हमें नफरत के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर श्रद्धालु अपने पूजा स्थल पर बिना डर, शांति और स्वतंत्रता के साथ पूजा कर सके।"

अधिकारियों ने बुधवार को इलिनोइस में एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो खुद को 'व्हाइट सुप्रेमेसिस्ट नीओ-नाजी' बताता था। पुलिस के अनुसार, उसके एक सहकर्मी की सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई।

बताया गया कि आरोपी ने शनिवार को एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी करने की कोशिश की थी लेकिन उसकी राइफल जाम हो गई, जिससे हमला नाकाम हो गया और वह वहां से भाग गया। अधिकारियों के अनुसार, हमले का निशाना शिकागो से लगभग 70 किलोमीटर दूर ऑरोरा स्थित एक हिंदू मंदिर था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की योजना के बारे में सूचना उसके एक सहकर्मी ने दी थी।

फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज ने कहा, "यह घटना इस बात की गंभीर याद दिलाती है कि भारत और हिंदुओं के खिलाफ नफरत सिर्फ इंटरनेट या राजनीतिक बयानों तक सीमित नहीं है। यह वास्तविक दुनिया में हमारे समुदाय और पूजा स्थलों के लिए खतरा बन सकती है।"

फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष अमेरिका में हिंदू-विरोधी घृणा अपराधों की संख्या बढ़कर 32 हो गई जबकि 2024 में यह संख्या 25 थी। यह विफल साजिश तीन अक्टूबर को ओहायो के रिचमंड हाइट्स में स्थित स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर हुए हमले के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। उस घटना में मंदिर पर ईंटें फेंकी गई थीं जबकि अंदर पुजारी और श्रद्धालु प्रार्थना सभा में शामिल थे।

कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (सीओएचएनए) ने पुलिस अधिकारियों से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

संगठन ने कहा क‍ि हम निर्वाचित प्रतिनिधियों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों से अपील करते हैं कि वे हिंदू पूजा स्थलों के खिलाफ बढ़ते खतरों को गंभीरता से लें, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें और हिंदूफोबिया की स्पष्ट रूप से निंदा करें। संगठन ने कहा क‍ि हम मंदिरों और सामुदायिक संगठनों से भी अनुरोध करते हैं कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags