Samachar Nama
×

ओडिशा : संभलपुर में रिश्वत लेते पकड़ा गया एसआई तालाब में कूदा, विजिलेंस कांस्टेबल ने तैरकर दबोचा

ओडिशा : संभलपुर में रिश्वत लेते पकड़ा गया एसआई तालाब में कूदा, विजिलेंस कांस्टेबल ने तैरकर दबोचा
ओडिशा : संभलपुर में रिश्वत लेते पकड़ा गया एसआई तालाब में कूदा, विजिलेंस कांस्टेबल ने तैरकर दबोचा

भुवनेश्वर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग ने बुधवार को एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी एसआई की पहचान सुजीत कुमार महंता के रूप में हुई है, जो वर्तमान में संभलपुर जिले के महुलपाली थाने में तैनात है।

विजिलेंस विभाग के अनुसार, महंता ने एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मामले के निपटारे के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। वह इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) भी थे।

विभाग ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया गया और महंता को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

हालांकि, रिश्वत लेने के तुरंत बाद महंता की नजर विजिलेंस टीम पर पड़ गई और उसे एहसास हो गया कि वह जाल में फंस चुका है। इसके बाद वह मौके से भागने लगा।

नाटकीय घटनाक्रम में गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी एसआई पास के एक तालाब में कूद गया लेकिन विजिलेंस टीम में शामिल एक कांस्टेबल भी तालाब में कूद पड़ा और तैरकर आरोपी को पकड़ लिया।

विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर जब्त कर ली। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में आरोपी के हाथों की रासायनिक जांच (केमिकल टेस्ट) भी पॉजिटिव पाई गई, जिससे रिश्वत की रकम को छूने और लेने की पुष्टि हुई।

ट्रैप कार्रवाई के बाद विजिलेंस विभाग ने महुलपाली थाने के पास स्थित महंता के विश्राम कक्ष, राउरकेला के बंडामुंडा स्थित उसके पिता के सरकारी आवास और उसके कार्यालय कक्ष में एक साथ छापेमारी शुरू की।

तलाशी के दौरान महुलपाली थाने से सटे उसके विश्राम कक्ष से 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

विजिलेंस विभाग के अनुसार, आरोपी एसआई को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। इस संबंध में 3 नवंबर को संभलपुर विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा विजिलेंस ने 12 जून 2024 से 26 अक्टूबर 2026 के बीच 232 ट्रैप मामले दर्ज किए हैं और 274 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 31 क्लास-1 और 38 क्लास-2 अधिकारी शामिल हैं। इस अवधि में रिश्वत के रूप में 58.39 लाख रुपए की राशि बरामद की गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम

Share this story

Tags