Samachar Nama
×

तमिलनाडु के नौ जिलों में 20 सितंबर तक भारी बारिश की सभांवना

तमिलनाडु के नौ जिलों में 20 सितंबर तक भारी बारिश की सभांवना
तमिलनाडु के नौ जिलों में 20 सितंबर तक भारी बारिश की सभांवना

चेन्नई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को तमिलनाडु के नौ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि नीलगिरी और कोयंबटूर में 20 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रह सकती है।

दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से लेकर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैला एक निम्न दबाव क्षेत्र राज्य भर में मौसम की स्थितियों को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, वेल्लोर, तिरुपत्तूर और रानीपेट जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर और शिवगंगा में भी गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बुधवार को तिरुवनमलाई, वेल्लोर, तिरुपत्तूर और रानीपेट के साथ-साथ कावेरी डेल्टा के जिलों तंजावुर, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई और नागपट्टिनम में भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई में शाम या रात के दौरान मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तमिलनाडु के आंतरिक इलाकों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक बारिश के बाद बारिश से संबंधित कई घटनाएं सामने आईं।

पेराम्बालुर जिले में, पचामलाई पहाड़ियों पर भारी बारिश और गरज-चमक के कारण अदाक्कम्पट्टी गांव के पास खेतों और नालों में अचानक बाढ़ आ गई। पानी का स्तर बढ़ने से वापसी का रास्ता बंद हो गया, जिसके चलते कई लोग जो पहाड़ियों की ओर गए थे, फंस गए। स्थानीय निवासियों ने रस्सियों की मदद से उन्हें बचाया।

बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। ओडिशा के 25 वर्षीय मजदूर सोनूराम कोंड की दिंडीगुल जिले के रेड्डीयार्चत्रम के पास सिलवरपट्टी में बोरवेल निर्माण कार्य के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं, तेनकासी जिले में हल्की बारिश के दौरान कदयानाल्लूर के पास कृष्णापुरम में एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे राजमिस्त्री कासिराजन की बिजली गिरने से मौत हो गई।

मदुरै जिले के शोलावंदन के पास भारी बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर बिजली के खंभे पर गिर गया। सुरक्षा उपाय के तौर पर बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। गिरे हुए पेड़ को हटाने में देरी के कारण दो घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही, जिससे स्थानीय निवासियों को असुविधा हुई।

भारी बारिश के कारण विरुधुनगर की सड़कों पर जलभराव हो गया, जबकि बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे निवासियों और व्यापारियों को परेशानी हुई।

मध्यम वर्षा से थेनी जिले के कई हिस्सों में लोगों और किसानों को राहत मिली। कोडाइकनाल और उसके आसपास के इलाकों में तीन घंटे से अधिक समय तक मध्यम वर्षा होने के बाद मौसम में ठंडक आई। रामनाथपुरम जिले के परमाकुडी में भी दोपहर के समय लगभग एक घंटे तक व्यापक वर्षा हुई, जिससे उमस भरे मौसम से राहत मिली।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags