ओडिशा के झारसुगुडा में कार और ट्रक की टक्कर, पांच पुलिसकर्मियों की मौत, तीन घायल
भुवनेश्वर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के सदर पुलिस स्टेशन के सामने रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में पांच पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक अधिकारियों की पहचान काशीराम भोई (एपीआर), निरंजन कुजूर (ड्रिल सब-इंस्पेक्टर), देबदत्त सा (एपीआर), लिंगराज धुरुआ (एपीआर हवलदार) और भक्तबंधु मिर्धा (होम गार्ड) के रूप में की गई है।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिसकर्मियों में दुबराज मिरिग (एपीआर), आकाश नायक (एपीआर) और राजीव भारसागर (सार्जेंट) शामिल हैं।
यह हादसा तब हुआ जब लोहे की छड़ों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक की पुलिसकर्मियों को ले जा रही बोलेरो गाड़ी से आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के सामने हुआ।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, "आज राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के सामने एक भीषण दुर्घटना घटी, जिसमें एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे पांच पुलिसकर्मियों की जान चली गई। इस हादसे में अपने परिवार के मुखिया को खोने से पांचों शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार सदमे में हैं।"
घायल पुलिसकर्मियों का फिलहाल झारसुगुडा जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इसी बीच, स्थानीय निवासियों ने राजमार्ग को दो लेन से चार लेन तक विस्तारित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग के संबंध में सरकार और एनएचएआई अधिकारियों की कथित उदासीनता पर सवाल उठाए।
स्थानीय निवासी ने कहा, "छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई, नागपुर और अन्य स्थानों के लिए प्रतिदिन हजारों हल्के और भारी वाहन इस सड़क से होकर गुजरते हैं। पिछले दो दशकों से इस सड़क को चार लेन का बनाने की मांग की जा रही है। हालांकि, सब कुछ कागजों पर ही है और इसे चार लेन का राजमार्ग बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस सड़क पर नियमित रूप से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सरकार को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।”
इस हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, चालक को हिरासत में लिया और घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

