Samachar Nama
×

हरदीप सिंह पुरी ने तेल खोज के दौर पर एक्सॉनमोबिल के प्रमुख से की मुलाकात

हरदीप सिंह पुरी ने तेल खोज के दौर पर एक्सॉनमोबिल के प्रमुख से की मुलाकात
हरदीप सिंह पुरी ने तेल खोज के दौर पर एक्सॉनमोबिल के प्रमुख से की मुलाकात

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी (ओएएलपी) राउंड 10 और ईस्टर्न ऑफशोर के जरिए भारत में तेल और गैस की खोज के मौकों पर अपस्ट्रीम ग्लोबल ऑयल कंपनी एक्सॉनमोबिल के इंडिया कंट्री चेयर स्कॉट सैंडलिन के साथ 'फायदेमंद बातचीत' की।

मंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत ने लगभग 10 लाख वर्ग किलोमीटर के 'नो-गो' (प्रतिबंधित) क्षेत्रों को खोल दिया है। अब 'ऑयलफील्ड्स (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) अमेंडमेंट एक्ट, 2025', नए पीएनजी नियमों और 'एम्पावर्ड कमिटी ऑफ सेक्रेटरीज' (ईसीएस) के सुधारों के लागू होने के बाद हमारे अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के लिए अपस्ट्रीम क्षेत्र में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।"

मंत्री ने मैनेजमेंट कंसल्टिंग और बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर, 'बेन एंड कंपनी' के चेयरमैन मैनी मैसेडा से भी मुलाकात की।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "टेक्नोलॉजी, एनर्जी और स्ट्रैटेजी में अपनी विशेषज्ञता और ग्लोबल अनुभव के साथ, 'बेन' भारत के एनर्जी सेक्टर को मजबूत और विस्तारित करने की कोशिशों में भारतीय एनर्जी कंपनियों के साथ सार्थक सहयोग कर सकता है।"

ऑयल और गैस सेक्टर में खोज और उत्पादन की गतिविधियों को तेज करने के क्रम में सरकार ने ओएएलपी बिड राउंड 10 की घोषणा की। एचईएलपी व्यवस्था के तहत किसी एक ओएएलपी बिड राउंड में पेश किए गए एरिया (क्षेत्रफल) के लिहाज से यह अब तक का सबसे बड़ा बिड राउंड है। इस बिड राउंड में ऑयल और गैस की खोज के लिए निवेशकों को लगभग 1,82,589.21 वर्ग किलोमीटर के एरिया वाले 25 ब्लॉक पेश किए गए हैं।

यह मुख्य रूप से एक ऑफशोर (समुद्र में स्थित) बिड राउंड है, जिसमें 1,65,718 वर्ग किलोमीटर एरिया वाले 19 ऑफशोर ब्लॉक शामिल हैं। इनमें से 13 ब्लॉक, जिनका एरिया 1,24,327 वर्ग किलोमीटर है, गहरे पानी (डीप वॉटर) और बहुत गहरे पानी (अल्ट्रा-डीप वॉटर) वाले क्षेत्रों में आते हैं। ये ब्लॉक 13 सेडिमेंट्री बेसिन में फैले हुए हैं, जिनमें से 6 ब्लॉक ऑनलैंड (जमीन पर स्थित) हैं।

पेश किए गए हर ब्लॉक का अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा हाइड्रोकार्बन की संभावना के लिए तकनीकी विश्लेषण किया जाता है और वे निवेशकों के लिए आसानी से उपलब्ध हैं।

ऑनलैंड और उथले पानी (शैलो वॉटर) वाले ब्लॉकों के लिए बोली प्रक्रिया 19 जून को बंद हो गई, जबकि गहरे और बहुत गहरे पानी वाले ब्लॉकों के लिए 17 सितंबर तक बोलियां जमा की जा सकती हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story